नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर घायल का इलाज करते स्वास्यकर्मी। संवाद
नौगढ़। थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे नशे की हालत में सो रहे युवक के पैर पर ट्रक चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
बाघी निवासी शक्तिमान (34) बाजार में सड़क किनारे सो रहा था। इसी दौरान ट्रक वहां से गुजर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक चालक ने कई बार हॉर्न बजाया, लेकिन नशे में होने के कारण युवक हट नहीं सका। इसके बाद चालक ने लापरवाही से ट्रक आगे बढ़ा दिया, जिससे उसका पिछला पहिया युवक के पैर पर चढ़ गया। इससे युवक का पैर बुरी तरह कुचल गया और वह लहूलुहान हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस घायल युवक को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद डॉ सुनील ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी अभय प्रताप ने बताया कि ट्रक व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।