पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सिपाही को श्रद्धांजलि दी
- फोटो : twitter
वाराणसी के लंका थाना अंतर्गत सीरगोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर के पास बुधवार की रात बाद गश्त कर रहे फैंटम दस्ते के दो सिपाहियों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही उदय सिंह यादव (27) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि संदीप कुमार (28) को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पोस्टमार्टम के बाद उदय सिंह यादव को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ आनर देकर शव को परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इलाहाबाद के धूमनगंज थाना के गयासुद्दीनपुर गांव में सिपाही उदय सिंह यादव का परिवार रहता है। उदय पुलिस में वर्ष 2011 में भर्ती हुए थे और बीते चार महीने से लंका थाने पर तैनात थे। वहीं, आजमगढ़ के दीदारगंज थाना के हड़वा पल्थी गांव निवासी संदीप वर्ष 2015 में पुलिस में भर्ती हुए हैं।
लंका थानाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने बताया कि फैंटम दस्ते में तैनात उदय और संदीप बाइक से सीरगोवर्धनपुर-लौटूबीर मार्ग से गश्त करते हुए डाफी की तरफ जा रहे थे। रविदास मंदिर के समीप पहुंचते ही उनकी बाइक के बगल में चल रहे ट्रक के सामने अचानक ट्रक आ गया।
इस पर बचने के लिए चालक ने ट्रक को बाएं किया तो उदय की बाइक में जोरदार टक्कर लगी। हादसे में उदय की मौके पर ही मौत हो गई और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। संदीप का उपचार बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में हो रहा है।