यूपी के बलिया जिले में रफ्तार ने चार लोगों की जिंदगी लील ली। रसड़ा- कासिमाबाद मार्ग स्थित अखनपुरा पेट्रोल पंप के पास रविवार रात करीब दो बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार चार लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घायलों के घरवालों ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गाजीपुर के कासिमाबाद के रहने वाले कलाकार रसड़ा से तेरही में निर्गुण कार्यक्रम संपन्न कर रविवार की देर रात टेंपो से वापस घर लौट रहे थे। अखनपुरा पेट्रोल पंप के पास कासिमाबाद की तरफ से आ रहे ट्रक ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।
इससे टेंपो में सवार गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना के शेखनपुर निवासी गर्जन खरवार (35), शाहबाजपुर निवासी मोती चौहान (30), अक्षय लाल चौहान (56), मनोज कुमार (36), विशुनपुर निवासी अमर देव (40), चालक संजय श्रीवास्तव (40), रमेश शर्मा (45), पुतुलपुर निवासी ललित चौहान (62), खजूरगांव निवासी मनोज (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
बलिया ले जाते समय गर्जन खरवार, मोती चौहान, मनोज और अमरदेव ने दम तोड़ दिया। गर्जन खरवार के पुत्र विजय खरवार की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत ने क्षेत्र ही नहीं गाजीपुर जनपद के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है। मृत लोगों के परिजनों को भी नहीं पता कि लोग भजन कीर्तन करने कहां गये है। विजय खरवार ने रोते-रोते बताया कि मुझे नहीं पता कि पिता कहां गाना गाने गये है।