लखनऊ से वाराणसी आ रहा डीसीएम ट्रक रविवार को तड़के अनियंत्रित होकर पलट गया और लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे की चहारदीवारी से टकरा गया। इसकी वजह से चहारदीवारी का लगभग दस मीटर हिस्सा टूट गया।
वहां तैनात सीआईएसएफ के जवान ने कंट्रोल रूम को सूचना दी जिसके बाद वहां फोर्स तैनात कर दी गई। दिन में बर्तन लदे ट्रक को हटवाकर चहारदीवारी को दुरुस्त करा दिया गया। भोर में हुई इस घटना में चालक को चोट आई है।
भोर में ट्रक के पलटने और उसके टकराने से टूटी चहारदीवारी टूटने की जानकारी होते ही एयरपोर्ट प्रशासन में हड़कंप मच गया। टूटी दीवार के पास फोर्स तैनात कर दी गई ताकि कोई भी अराजक तत्व या जानवर उधर से प्रवेश न कर सके।
सुबह होने पर एयरपोर्ट प्रशासन ने क्रेन मंगाकर ट्रक हटवाया उसके बाद आनन-फानन में चहारदीवारी बननी शुरू हुई। देर शाम तक दीवार की मरम्मत करा ली गई। यहां से रनवे मात्र एक किलोमीटर दूर है। हालांकि यहां रात में विमान नही उतरते। ट्रक के अनियंत्रित होने का कारण कोहरे को बताया गया।