वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रेणुकूट क्षेत्र में सोमवार को भीषण जाम लग गया। दोपहर लगभग 12 बजे एक वाहन के बीच सड़क खराब होने के कारण रेणुकूट बाजार से लेकर बीजपुर मोड़ तक करीब 4 से 5 किमी लंबा जाम लग गया।
यह धीरे-धीरे और भी बढ़ता रहा। लंबे जाम के चलते राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम 5 बजे पुलिस ने काफी मशक्कत से जाम खोलवाया।
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल से लौट रहे छोटे-छोटे बच्चों और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को हुई। जाम में फंसी स्कूल बसों में बैठे बच्चों की बेचैनी साफ दिखाई दी। कई स्कूली बसें जाम में फंस गई, जो स्कूलों तक नहीं पहुंच सकी।
इससे अभिभावकों को स्कूल तक जाना पड़ा और बच्चे काफी देर से घर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण की पहले से ही भारी कमी है, ऊपर से खराब वाहन बीच रास्ते में खड़ा हो जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई।
घंटों तक जाम में फंसे लोगों ने गर्मी और धूप के बीच परेशान होकर ट्रैफिक व्यवस्था को कोसा। लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए और खराब वाहनों को तत्काल हटाने की व्यवस्था की जाए और फोर लेन का कार्य जल से जल्द शुरू किया जाए।
ओवरलोड वाहनों पर भी शिकंजा कसा जाए। पिपरी एसओ सत्येंद्र राय ने बताया कि खराब वाहन को हटवाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोयला लदा ट्रेलर पलटा, आवाजाही प्रभावित
शक्तिनगर के भैरवा पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर रविवार रात साढ़े नौ बजे करीब शक्तिनगर से अनपरा की ओर जा रहा तेज रफ़्तार कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। इससे घंटों मार्ग जाम हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पंहुची पुलिस जाम खुलवाते हुए मुख्य मार्ग पर बिखरा कोयला एवं दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर हटवाया तब आवाजाही सामान्य हुई।