मुंगराबादशाहपुर के इटहरा के पास हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
रायबरेली- जौनपुर नेशनल हाईवे पर मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के इटहरा गांव के पास रविवार को ट्रक और पिकअप की सीधी टक्कर में पिकअप सवार तीन लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के हथौड़ासराय गांव निवासी राजेश पटेल को सांप काट लिया था। झाड़फूंक के लिए उसे लेकर गांव के लोग पिकअप में सवार होकर मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के फत्तूपुरकला गांव आ रहे थे।
पिकअप इटहरा गांव में नेशनल हाईवे पर पहुंची थी तभी सामने से आ रहे ट्रक से आमने सामने टक्कर हो गई। पिकअप में सवार राजेश पटेल (32), आशीष पटेल (20), राजकुमार (30), रंजीत (22), राम अजोर (45), पारसनाथ पटेल (60) गम्भीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पारसनाथ पटेल, राजकुमार पटेल और राम अजोर की मौत हो गई।
उधर हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।