मध्यप्रदेश के सतना से पशुआहार (चूनी) लादकर आजमगढ़ जा रह ट्रक मंगलवार की तड़के तीन बजे रीवा मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिरकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क से पलट कर गहरी खाई में गिरते समय खलासी ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना होते ही मौके पर पहुंची ड्रमंडगंज पुलिस ने मृतक ट्रक चालक का शव पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार एमपी के सतना जिला निवासी ट्रक चालक द्रविड़ पटेल सोमवार को सतना से ही पशु आहार लादकर चला था। मंगलवार की भोर में सैकड़ों फीट की ऊंचाई पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी की सड़क से नीचे उतरते समय बड़का मोड़ के पास ट्रक का ब्रेक फेल हो गया।
दुर्घटना में जीवित बचे खलासी रघुनंदन पटेल के मुताबिक ब्रेक फेल होते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया। चालक द्रविड़ की तमाम कोशिश के बावजूद ट्रक पलटी मारते हुए गहरी खाई में गिर गया।
खलासी रघुनंदन पटेल भी ट्रक चालक के गांव का ही निवासी है। सूचना मिलने पर मृतक ट्रक चालक के परिजन तथा ट्रक मालिक भी मौके पर पहुंच गए थे। मृतक ट्रक चालक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।