पेयजल पाइप लाइन बिछाने के लिए कमिश्नर आवास के सामने हो रही खुदाई।
शहर में सड़कों पर चल रहे निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए डीएम ने पांच और दिन की मोहलत दी है। पहले 25 जून तक गड्ढा पाटने को कहा था अब 30 जून तक का समय कार्यदायी एजेंसियों को दिया है। कहीं सेतु निर्माण निगम की ओर से फ्लाईओवर बनाने का काम जारी है तो कहीं सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई हो रही है। जिन सड़कों पर लोग गड्ढों से बच कर चल रहे हैं वही गड्ढे जलभराव में मौत का कारण भी बन सकती हैं।
कमिश्नर आवास के आगे खुदाई करके पेयजल पाइप लाइन बिछाई जा रही है। लहरतारा पुल से लेकर भदऊं चुंगी के बीच चौकाघाट फ्लाईओवर का विस्तार का काम जारी है। अंधरापुल के पास गड्ढे अब तक नहीं पाटे गए। इसी मार्ग पर गोलगड्डा सीवर पाइप लाइन डाली जा रही है। कमच्छा पर सीवर पाइप लाइन डालने का काम होने के बाद पेयजल का काम बाकी है। मंडुवाडीह में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। घौसाबाद, नदेसर, पांडेयपुर फ्लाईओवर के नीचे सीवर पाइप लाइन डाली जा रही है। चौक से गोदौलिया आईपीडीएस के तहत भूमिगत केबल का काम चल रहा है। सामनेघाट से लंका सीवर पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इन सभी जगहों पर खुदाई करके निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बारिश से इन क्षेत्र के मार्गों पर लोगों को फजीहत झेलनी पड़ेगी।
जिले की नोडल एवं प्रमुख सचिव खादी मोनिका एस गर्ग की बैठक में डीएम ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी दी थी कि 25 जून के पहले सड़कों के गड्ढे पाटे जाएं। इसके बाद पीडब्ल्यूडी सड़कों की मरम्मत कराएगा। इस पर पीडब्ल्यूडी के अभियंता ने पांच जुलाई तक की मोहलत मांगी थी। जिस पर प्रमुख सचिव ने दो टूक कहा था कि पांच से सात जुलाई नहीं होना चाहिए।