वाराणसी। जिले में 118 केंद्रों पर शुक्रवार को दो पालियों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं हुईं। पहली पाली में हाईस्कूल के 31,232 छात्रों ने गणित और इंटरमीडिएट के 462 छात्रों ने व्यावसायिक शिक्षा की परीक्षा दी। दूसरी पाली में 21,251 छात्रों ने भौतिक विज्ञान की परीक्षा दी। सभी पालियों में कुल 2,219 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
पहली पाली में 118 केंद्रों पर हाईस्कूल के छात्रों ने गणित की परीक्षा दी। इसमें 31,232 ने परीक्षा दी और 1,497 ने छोड़ दी। छात्रों ने बताया कि गणित का पेपर मध्यम दर्जे का था। पिछले बार की तरह ही इस बार भी पेपर आया था। इस बार त्रिकोणमिति, क्षेत्रफल और आयतन से सवाल कठिन पूछे गए थे। वहीं पहली पाली में इंटरमीडिएट की व्यावसायिक शिक्षा की परीक्षा हुई। इसमें 462 छात्रों ने परीक्षा दी और 19 ने छोड़ दी।
दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान की परीक्षा 115 केंद्रों पर हुई। इसमें 21,251 छात्रों ने परीक्षा दी और 703 ने छोड़ दी। कुछ छात्रों ने बताया कि परीक्षा में पेपर आसान आया था, वहीं कुछ ने कठिन बताया। छात्रों के अनुसार पेपर में प्रकाश और परमाणु संरचना से कठिन प्रश्न पूछे गए थे। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफल हुई। कोई भी परीक्षार्थी नकल करते नहीं पकड़ा गया।