गंगा की लहरों पर कैटामरैन जलयान अक्तूबर माह से फर्राटा भरेगा। नमो घाट से रामनगर मल्टीमॉडल टर्मिनल तक अक्तूबर माह में ही ट्रायल रन होगा। पर्यटन विभाग ने कैटामरैन संचालन के लिए शुक्रवार को टेंडर जारी कर दिया। हाइड्रोजन और इलेक्ट्रिक से संचालित डबल इंजन के इस क्रूज में 50 पर्यटक आसानी से बैठ सकेंगे। महाकुंभ में वाराणसी-प्रयागराज के बीच भी चलाने की तैयारी है।
गंगा में यह पांचवां क्रूज होगा। पर्यटन अधिकारियों के अनुसार कैटामरैन छोटा क्रूज है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर इसका संचालन नमो घाट से रविदास घाट तक किया जाएगा। कैथी मार्कडेय महादेव तक भी चलाने की योजना है। हफ्ते में दो दिन नमो घाट से कैथी मार्कडेय महादेव और दो दिन नमो घाट से चुनार तक संचालन का खाका खींचा गया है।
महाकुंभ के दौरान इसे प्रयागराज तक भी चलाया जा सकता है। फिलहाल महाकुंभ से पहले अक्तूबर माह में इसका संचालन नमो घाट से रविदास घाट तक किया जाना है। टेंडर प्रकिया पूरी होने पर ही किराया तय किया जाएगा।