एकदिवसीय यात्रा पर आ रहे देश के 10 ब्लॉगर, पर्यटन स्थलों की लेंगे जानकारी
जी-20 सम्मेलन के लिए किए गए सौंदर्यीकरण को सोशल मीडिया से पर्यटकों को करेंगे आकर्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। जी-20 सम्मेलन के लिए तैयारियों से सजती संवरती काशी से देश दुनिया को जोड़ने का काम करेंगे ट्रैवेल ब्लाॅगर। टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन (टीडब्ल्यूए) की ओर से शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे ब्लॉगर टेंट सिटी में रुकेंगे।
बृहस्पतिवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में टीडब्ल्यूए के सदस्यों की बैठक हुई। टीडब्ल्यूए के प्रदेश अध्यक्ष राहुल मेहता ने बताया कि शहर के सौंदर्यीकरण से देश और दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है। प्रथम चरण में 10 बड़े ट्रैवेल ब्लॉगरों को आमंत्रित किया गया है। ब्लॉगर वीडियो और फोटो कंटेंट के जरिये सोशल मीडिया पर बदलती काशी और आइए काशी के साथ प्रचार-प्रसार करेंगे। जी-20 वाराणसी के ब्रांड एम्बेसडर धर्मेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि पर्यटन उद्यमियों को आगामी ऑफ सीजन में जी-20 की बैठकों को एक बड़े मौके की तरह देखना चाहिए और इन तीन-चार महीनों में अधिक से अधिक पर्यटक काशी आए इस योजना पर काम करना चाहिए। इस दौरान उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, उत्कर्ष बख्शी, प्रदीप राय, अभिषेक पाठक, संतोष सिंह आदि मौजूद रहे।