24 घंटे से मड़ौली के काॅलोनियों में गुल है बिजली, पानी का संकट गहराया
हवेलिया चौराहे पर लगा ट्रांसफार्मर भी नहीं चला, चक्का जाम
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। ट्रांसफार्मर जलने और जर्जर तारों के टूटने की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मड़ौली में ट्रांसफार्मर लटक गया है, जिस वजह से एहतियातन बिजली उपकेंद्र से बिजली काट दी गई है। इस कारण रविवार देर रात से ही कई काॅलोनियों में बिजली आपूर्ति बाधित है। उधर सारनाथ हवेलिया चौराहे पर बिजली कटौती से नाराज लोगों ने चक्का जाम किया।
मड़ौली में पंचायत घर के पास ट्रांसफार्मर लटक गया। लोगों ने इसकी सूचना बिजली उपकेंद्र को भी दी। इसके बाद सोमवार को दिन में एहतियातन बिजली कर्मियों ने ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति काट दी। सोमवार रात 12 बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। इस बारे में एसडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि जिस जगह ट्रांसफार्मर लगा है, वहां की मिट्टी खिसक गई है। इस वजह से ट्रांसफार्मर झुक गया है। मोबाइल ट्रांसफार्मर से किसी तरह आपूर्ति देने की तैयारी चल रही है।
सारनाथ में रविवार सुबह 400 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया था, जो सोमवार सुबह जल गया। इस वजह से बिजली कटौती के विरोध में लोगों ने पुराना आरटीओ हवेलिया चौराहे के पास चक्का जाम किया। करीब एक घंटे तक चक्का जाम की वजह से आवागमन प्रभावित रहा। आपूर्ति बहाल करने के अधिकारियों के आश्वासन पर चक्का जाम समाप्त हुआ।