गर्मी शुरू होने से पहले ही जिले में बिजली आपूर्ति का संकट बढ़ने लगा है। शहर से लेकर गांव तक ट्रांसफार्मर जलने के साथ ही ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या बनी है। सोमवार को झूलेलाल काॅलोनी में सुबह तेज आवाज के साथ ट्रांसफॉर्मर जल गया तो शिवपुरवा सहित कई काॅलोनियों में एक ही फेस की बिजली मिलने से लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ा।
उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति दिलाने निगम की ओर से उपकेंद्रवार शट डाउन लेकर कहीं ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत कराई जा रही है तो तार को भी सही करवाया जा रहा है। सोमवार सुबह 9 बजे झूलेलाल काॅलोनी में ट्रांसफाॅर्मर जल गया। लोगों ने इसकी सूचना उपकेंद्र को दी। मरम्मत न हो पाने के करीब तीन घंटे बाद ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाया गया। इसके बाद भी आपूर्ति दो बजे तक बहाल हो सकी। उधर, तुलसीपुर पचपेड़वा, शिवपुरवा, शिवाजीनगर कॉलोनी में एक ही फेस की आपूर्ति होने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। न्यू काॅलोनी ककरमत्ता में दोपहर 12 बजे से गुल बिजली करीब 1.30 बजे बहाल हुई।