बीएचयू के अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई) में ट्रांसफॉर्मिंग पेडागॉजी इन हायर एजुकेशन: साइंसेज़, मैथमेटिक्स, सोशल साइंसेज़, ह्यूमैनिटीज एंड मैनेजमेंट विषय पर पांच दिन की कार्यशाला शुरू हुई। मुख्य अतिथि विनोबा भावे विवि के कुलपति प्रो. सीबी शर्मा ने कहा कि उच्च शिक्षा की शिक्षण व्यवस्था पर हमारे पास बहुत कम सामग्री है। मुख्य वक्ता दिल्ली विवि के प्रो. चंदकिरण सलूजा ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिक्रिया और आत्मचिंतन के आधार पर शिक्षा प्रभावी होती है। उन्होंने पंचकोश की अवधारणा को बताया कि समग्र शिक्षा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को संतुलित रूप से आगे बढ़ाती है। आईयूसीटीई के निदेशक प्रो. प्रेम नारायण सिंह और शिक्षा संकाय के प्रो. सुनील कुमार सिंह ने उच्च शिक्षा में विज्ञान शिक्षण की वर्तमान समस्याएं और उनके संभावित समाधानों को बताया।