माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। नई सड़क चौराहे पर शनिवार दोपहर में ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। आग की लपट इतनी तेज थी कि वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। लोगों ने बिजली निगम के साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुट गई। आधे घंटे में आग बुझ गई। ट्रांसफार्मर में आग लगने से 40 घरों की बिजली कटी रही।
अधिशासी अभियंता सौरभ ने बताया कि जिस जगह पर ट्रांसफॉर्मर लगा था, उसके नीचे कूड़ा था, किसी ने कूड़े में आग लगा दी थी, इस वजह से आग लग गई। ट्रांसफॉर्मर में लगा मेन केबल जलकर राख हो गया। रात 10 बजे के बाद आपूर्ति बहाल हुई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।