वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय को काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास से 1,18,64,232 रुपये मिलने से छात्रों को बड़ी सहूलियत होगी। इस धनराशि से क्लास रूम में फर्नीचर मंगाए जाएंगे, जिसके बाद 1800 छात्र कुर्सी-मेज पर बैठकर आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने इस सहयोग के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास से जुड़े अधिकारियों का आभार भी जताया।
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की शुक्रवार को हुई बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। इसमें संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 1800 छात्रों के क्लास रूम में आराम से बैठकर पढ़ाई करने के लिए जरूरी फर्नीचर की खरीदारी के लिए 1,18,64,232 (एक करोड़ अठारह लाख चौसठ हजार दो सौ बत्तीस रुपये) की स्वीकृति प्रदान की गई। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में सुविधा के अभाव में यहां पढ़ने वाले करीब 3000 विद्यार्थियों में से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती थी। यह स्थिति शैक्षणिक एकाग्रता, स्वास्थ्य एवं उच्च शिक्षा की गरिमा के प्रतिकूल थी। ऐसे में न्यास द्वारा स्वीकृत यह राशि न केवल विद्यार्थियों को आधारभूत सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि उनके आत्मसम्मान और शैक्षणिक उत्साह को भी सुदृढ़ करेगी। इस धनराशि से थ्री-सीटर बेंच, सिंगल-सीटर टेबल-कुर्सियां सहित अन्य जरूरी उपकरण मंगाए जाएंगे।