वाराणसी। पीपीपी मॉडल पर चलने वाली 151 निजी ट्रेनों आरएफक्यू मूल्यांकन का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसमें बनारस से सात शहरों के लिए चलनी वाली निजी ट्रेनों के लिए कई कंपनियों ने अपनी दिलचस्पी दिखाई है। आधा दर्जन कंपनियों ने बनारस-मुंबई, बनारस-तिरुपति बालाजी, बनारस-नई दिल्ली और बनारस-बठिंडा, बनारस-हावड़ा के बीच ट्रेन संचालन के लिए आवेदन दिए, इसे बोर्ड ने स्वीकार कर लिया है। इसमें 9 कंपनियों ने बनारस-तिरुपति बालाजी के बीच ट्रेन चलाने को आवेदन दिया है।
151 ट्रेनों के संचालन को लेकर कुल 102 कंपनियों को रेलवे बोर्ड ने योग्य पाया है और जल्द ही उन्हें दस्तावेज भी उपलब्ध कराते हुए संचालन की तैयारियों को निर्देशित किया जाएगा। पहले से तय 12 कलस्टर में चलने वाली निजी ट्रेनों का रूट सितंबर में ही निर्धारित किया गया था। रेल अधिकारियों के अनुसार 2023 में आधुनिक ट्रेनें ट्रैक पर उतर जाएंगी।
मुंबई के लिए ट्रेन संचालन के लिए मेसर्स क्यूब हाइवेज और इंफ्रास्ट्रक्चर पीटीई लिमिटेड, मेसर्स गेटवे डिस्ट्रिपाक्रस लिमिटेड, जीएमआर हाईवेज लिमिटेड, आईआरसीटीसी व भेल ने आवेदन किया है। वहीं सिकंदराबाद तिरुपति बालाजी-बनारस के बीच ट्रेन संचालन के लिए मेसर्स वेलस्पन इंटरप्राइजेज लिमिटेड, मेलमपाटी पावर लिमिटेड, टेक्रो इंफ्रा डेवलपर्स, मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर, आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर, आईआरसीटी सहित नौ आवेदन पड़े हैं। बनारस-नई दिल्ली, बनारस-चंडीगढ़ और बनारस-हावड़ा, बनारस-सूरत के बीच भी इन्हीं कपंनियों ने अपनी प्रतिस्पर्धा दिखाई है। किसी कलस्टर में 9 से 11 आवेदन को योग्य माना गया है तो किसी क्लस्टर में 5 से 8 आवेदन योग्य पाए गए हैं।
निजी ट्रेनों का कैंट व मंडुवाडीह स्टेशन पर होगा रखरखाव
मार्च 2023 में प्रस्तावित 151 निजी ट्रेनों की रखरखाव को लेकर रेलवे बोर्ड ने एडवाइजरी जारी की है। 12 क्लस्टर में शामिल वाराणसी से संबंधित ट्रेनों के लिए कैंट व मंडुवाडीह में मेंटनेंस को लेकर वाशिंग लाइन बनाई जाएगी। वाराणसी से चलने वाली 8 ट्रेनों का दिन भी निर्धारित कर दिया गया है। इसमें वाराणसी-मुंबई, वाराणसी-दिल्ली, आनंद विहार-दरभंगा, वाराणसी-बठिंडा, मंडुवाडीह-अंबाला की ट्रेन रोजाना और वाराणसी-हावड़ा के बीच चलने वाली ट्रेन सप्ताह में तीन दिन बुध, शुक्र और शनिवार, वाराणसी से तिरुपति के बीच चलने वाली ट्रेन सप्ताह में दो दिन बुधवार और शनिवार को चलेगी। वहीं वाराणसी-सूरत की ट्रेन मंगलवार व बुधवार को है।
क्लस्टर वाइज ट्रेनों का संचालन
निजी ट्रेनों को क्लस्टर वाइज बांटा गया है। क्लस्टर-1 में वाराणसी-मुंबई, क्लस्टर-2 में वाराणसी-सूरत, क्लस्टर-3 में वाराणसी-दिल्ली, आनंद विहार वाया बनारस-दरभंगा, क्लस्टर-5 में वाराणसी-बठिंडा, क्लस्टर-6 में वाराणसी-हावड़ा, क्लस्टर-8 में मंडुवाडीह-अंबाला और क्लस्टर-9 में वाराणसी वाया सिकंदराबाद-तिरुपति के बीच ट्रेन चलनी है।
पायलट और गार्ड रेलवे के होंगे
ट्रेनें जरूर निजी होंगी, लेकिन ड्राइवर व गार्ड रेलवे के ही होंगे। इन ट्रेनों के परिचालन की टेस्टिंग और ट्रायल भी रेलवे के हाथों में ही होगा। आरडीएसओ के जरिए इनका ट्रायल कराया जाएगा। दावा है कि इससे विश्वस्तरीय ट्रेन यात्रा की सुविधा का लाभ लोग ले सकेंगे। ट्रेनों के समय में 95 फीसदी तक सुधार दिखेगा। ट्रेनों के भीतर उच्चस्तरीय सफाई होगी। स्पीड भी 140 से 160 के बीच होगी। यात्रियों को टिकट कंफर्म मिलेंगे।
मार्च 2023 में प्रस्तावित निजी ट्रेनों को लेकर जैसा आदेश रेलवे बोर्ड की ओर से मिलेगा, उसका पालन कराया जाएगा। -रवि प्रकाश चतुर्वेदी, एडीआरएम, उत्तर रेलवे