वाराणसी। दादर-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री को खैनी की ऐसी तलब लगी कि चेन पुलिंग कर ट्रेन ही रोक दी। ट्रेन के स्कॉर्ट ड्यूटी में रही आरपीएफ ने यात्री को हिरासत में ले लिया। शुक्रवार की दोपहर भदोही के सराय कमसराय स्टेशन के पास चेन पुलिंग करने वाले गोरखपुर निवासी यात्री बिल्ला को ट्रेन के कैंट स्टेशन पर पहुंचते ही आरपीएफ ने रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। इस दौरान ट्रेन के खड़ी होने से यात्रियों ने काफी नाराजगी जताई।
दादर से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहे गोरखपुर निवासी बिल्ला को खैनी की तलब लगी थी। दोपहर के समय ट्रेन जब भदोही के सराय कमसराय स्टेशन के पास पहुंची तो पास के दुकान पर खैनी बिक रहा था। यह देखते ही बिल्ला ने अपने कोच से चेन पुलिंग करके ट्रेन से उतर गया। चेन पुलिंग का सह यात्रियों ने विरोध किया और किसी ने इसकी सूचना स्कोर्ट ड्यूटी में चल रहे आरपीएफ को दे दी। इस बीच पहुंची आरपीएफ ने तुरंत यात्री बिल्ला को हिरासत में ले लिया। दोपहर 12.20 पर जब ट्रेन कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो आरपीएफ ने यात्री के खिलाफ रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। जुर्माना वसूलने के बाद यात्री को छोड़ दिया गया। आरपीएफ कैंट इंस्पेक्टर अनूप सिन्हा ने बताया कि सराय कमसराय के पास चेनपुलिंग करके खैनी खाने वाले यात्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।