वाराणसी। जल निगम और जलकल के लीकेज सड़कों को बर्बाद कर रहे हैं। हाल ही में पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़कों की मरम्मत कराई गई थी और कई जगहों पर सड़कें बनाई गई। लेकिन इन जगहों पर लीकेज की समस्या खड़ी हो गई है। जिसके चलते सड़कों का खराब होना तय है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने जिलाधिकारी से शिकायत की है।
हाल ही में भोजूबीर से महावीर मंदिर मार्ग की मरम्मत हुई थी। जिस पर लीकेज के चलते सड़कें खराब हो गई हैं। यही नहीं गोलघर के पास भी लीकेज की समस्या से सड़कें खराब हो रही हैं। सिगरा महमूरगंज का मार्ग बनाया गया है और इसमें लीकेज होने लगा है। इसी प्रकार भोजूबीर सिंधोरा मार्ग बनवाया गया है। जहां लीकेज की समस्या से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
कांग्रेस पार्षद दल के नेता सीताराम केसरी ने कहा कि विभागों में तालमेल नहीं होने के कारण आए दिन लीकेज की दिक्कत रहती है। इसका स्थाई समाधान होना चाहिए। मरम्मत करने से दूसरे जगह पर लीकेज की समस्या बनी रहेगी। सपा पार्षद दल के नेता कमल पटेल ने कहा कि लीकेज की समस्या न आए। इसके लिए बेहतर कार्य योजना बनाने की जरूरत है।
शासन की ओर से पैच वर्क कराने का जो समय दिया गया था। उसे पूरा करा दिया गया है। लेकिन लीकेज की समस्या से सड़कें खराब हो रही हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी से कहा गया है। ताकि लीकेज को दुरुस्त करा कर सड़कों को खराब होने से बचाया जा सके।-सुग्रीव राम, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी