वाराणसी। लगभग दो माह बाद शिवगंगा एक्सप्रेस अपने ट्रैक पर आ गई। एक जून से यह स्पेशल 02559 शिवगंगा एक्सप्रेस बनकर मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ से नई दिल्ली के लिए रोजाना अपने निर्धारित समय पर चलेगी। यात्रियों को मंडुवाडीह स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार से प्रवेश और निकास करना होगा। ट्रेन पकड़ने के लिए 90 मिनट पूर्व ही स्टेशन पर आना होगा। केवल कंफर्म टिकट के यात्रियों को ही ट्रेन में प्रवेश दिया जाएगा।
यात्री बिना टिकट स्टेशन परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। यात्रियों को मास्क और गमछा अनिवार्य होगा। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि एक जून से पहली ट्रेन शिवगंगा मंडुवाडीह स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ से अपने निर्धारित समय पर खुलेगी। नई दिल्ली से वापसी में भी यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर आठ पर आकर रुकेगी। वेटिंग टिकट वालों को ट्रेन में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ट्रेन संचालन से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।