जिले में एक दिन में करीब 212 छोटे-बड़े मैरिज लॉन में एक साथ शहनाइयां गूंजीं। इस दौरान शहर के स्थानीय वाहनों के अलावा करीब 10 हजार बाहरी जिलों की गाड़ियां भी वाराणसी में दाखिल हुईं। मैदागिन से राजघाट जाने वाले मार्ग पर मुकीमगंज के पास एक तरफ अतिक्रमण और दूसरी तरफ बरात ने मिलकर ऐसा जाल बुना कि लोग घंटों फंसे रहे।
गोलगड्डा से कज्जाकपुरा मार्ग पर तेलियाना फाटक के पास तो स्थिति और भी खराब थी। वहां बरात के कारण महज 5 फीट का रास्ता शेष बचा था, जिसमें एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहन भी 40 मिनट तक फंसे रहे।
इसे भी पढ़ें; PHOTOS: दालमंडी ध्वस्तीकरण की 15 तस्वीरें, कड़ी सुरक्षा के बीच बुलडोजर से ध्वस्त किए गए 14 नए भवन
जब मुख्य सड़कों पर जाम लगा, तो कई दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों ने गलियों का रुख किया। लेकिन गाड़ियों के अत्यधिक दबाव के कारण शहर की सकरी गलियां भी जाम से अछूती नहीं रहीं। वहीं, भिखारीपुर में लॉन पर डीजे बजाने और सड़क पर वाहन लगाने के लिए प्राथमिकी लिखी गई।
शहर में बरात की वजह से जाम का सामना करना पड़ा। जहां ज्यादा समस्या रही वहां अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाकर यातायात सुचारू कराई गई। -एडीसीपी अंशुमान मिश्रा