पुलिस को देखकर लोगों को सुरक्षा का भाव महसूस होता है। लेकिन वही पुलिस जब ज्यादती करने पर उतर आए तो लोगों के मन में डर बैठ जाता है। ऐसा ही द्रश्य उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में देखने को मिला। यहां पर पुलिस जांच के नाम पर लोगों के घरों में घुसकर तोड़-फोड़ की गई। यही नहीं महिलाओं और युवतियों के साथ बदसलूकी भी की गई।
जिले के शहर कोतवाली के रौजा और जलनिगम स्थित बनवासी बस्ती में रविवार की देर रात विभिन्न थानों की पुलिस ने घेराबंदी कर छानबीन की। इस दौरान लोगों के घरों में घुसकर बक्सों का ताला तोड़ा।
आभूषण और 75 हजार रुपये नगदी लेकर चली गई। यही नहीं महिलाओं और युवतियों के साथ बदसलूकी की। पुलिस ने डकैती के मामले में 29 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस की ज्यादती के बाद बनवासी बस्ती की महिलाओं ने अपना दर्द आम जनता और मीडिया के सामने रखा।
बता दें कि नोनहरा थाना क्षेत्र के खालिसपुर में 22 मार्च की रात हुई साढ़े 22 लाख रुपये की डकैती के खुलासे के लिए उच्चाधिकारियों के बढ़ते दबाव की वजह से रविवार की रात कई थानों की पुलिस ने एक साथ रौजा और जलनिगम स्थित बनवासी बस्ती में घुसकर जांच की। आरोप है कि पुलिस टीम बस्ती से 75 हजार रुपये नगदी एवं आभूषण लूट कर फर्जी खुलासे की तैयारी कर चुकी है।