स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन और लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने में बनारस प्रदेश के टॉप 10 शहरों में शामिल हो गया है। पहली बार विभाग की टेक्निकल सपोर्ट यूनिट की ओर से सभी जिलों की रैंकिंग जारी की गई है।
रैंकिंग के लिए अप्रैल से जून माह तक की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिलों की मानीटरिंग के लिए टीकाकरण, सुरक्षित प्रसव, टीकाकरण, परिवार नियोजन सहित अन्य योजनाओं को आधार बनाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टेक्निकल सपोर्ट यूनिट की ओर से एनएचएम, राज्य पोषण मिशन आदि की ओर से चलाई जाने वाली योजनाओं की हर तीन माह पर मॉनिटरिंग कराई जाती है। इसका उद्देश्य गुणवत्ता का मानक बनाए रखने और कमियों की जानकारी कर दूर कराया जाना है।
रैंकिंग के लिए प्रसव सुविधा, नवजात बच्चों के इलाज, टीबी मरीजों की जांच, नवजात बच्चों का टीकाकरण, आशाओं की ओर से स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए किए गए प्रयास को शामिल किया गया है।
पूर्वांचल के वाराणसी और इलाहाबाद के अलावा और कोई जिला टॉप 10 की रैंकिंग में शामिल नहीं है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह इस उपलब्धि से खुश हैं। कहते हैं कि कोशिश रहेगी कि टॉप 10 में जगह बरकरार रहे।