फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की बड़ी खबरें: सेना के जवान की मौत के मामले में एफआईआर, गांजे की तस्करी में दो को 10-10 साल की सजा

Thu, 20 Aug 2026 01:36 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में करंट से सेना के जवान की मौत के मामले में पावर हाउस कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं गांजे की तस्करी में दो दोषियों को कोर्ट ने 10-10 साल की सजा सुनाई।
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी में चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना गांव में करंट से सेना के जवान सुनील कुमार यादव (28) की मौत मामले में पत्नी की तहरीर पर पावर हाउस कर्मचारियों पर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रीति यादव ने कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। धरसौना गांव निवासी सुनील कुमार यादव जाट रेजीमेंट सेंटर, बरेली में तैनात थे। एक से पंद्रह अगस्त तक छुट्टी पर घर आए थे। छह अगस्त की रात बारिश और तेज हवा के कारण उनके घर के बिजली का केबल टूट कर लटक गया था। प्रीति के अनुसार, सुनील ने केबल ठीक कराने के लिए पावर हाउस पर सूचना दी थी। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद बिजली निगम का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। रात करीब आठ बजे सुनील शौच जा रहे थे। इसी दौरान वह लटकते बिजली के तार की चपेट में आ गए। उन्हें करंट लग गया। परिजन सुनील को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर ले गए। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन मिलिट्री हॉस्पिटल वाराणसी ले गए, वहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम थाना कैंट पुलिस ने कराया। प्रीति यादव ने पुलिस अधिकारियों से जांच की मांग की है। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि पत्नी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

विज्ञापन


तेरहवीं में बिजली का काम करते समय मिस्त्री की करंट से मौत
लोहता थाना क्षेत्र के कोरौत सरवनपुर गांव में बुधवार को करंट लगने से बिजली मिस्त्री अशोक यादव (34) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोरौत गांव में मनोज यादव के यहां तेरहवीं कार्यक्रम था। कार्यक्रम में लाइट की व्यवस्था अशोक यादव के जिम्मे थी। दोपहर में अशोक बिजली की व्यवस्था में लगा था कि अचानक करंट की जद में आ गया। झुलसे अशोक यादव को लोगों ने तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही गांव समेत परिजनों में कोहराम मच गया। पिता लालचंद यादव बेसुध हो गए। अशोक की पत्नी ममता का रो-रोकर बुरा हाल है। अशोक को एक पुत्र और एक पुत्री भी हैं। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि अशोक अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। जांच की जा रही है।  

कोर्ट ने 1302 किलो गांजे की तस्करी में दो दोषियों को 10-10 साल की सजा सुनाई
आंध्रप्रदेश से ट्रक में छिपाकर लाए जा रहे 1302 किलो गांजे के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश/फास्ट ट्रैक कोर्ट (14वां वित्त आयोग) मनोज कुमार-द्वितीय की अदालत ने बिहार निवासी हृदयानंद राय और ओडिशा निवासी भागीरथी बेनिया को एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषी पाया और 10-10 साल की सजा सुनाई। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। जुर्माना न देने पर एक-एक वर्ष का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। अभियोजन के अनुसार, नौ अक्तूबर 2020 को डीआरआई अधिकारियों को सूचना मिली थी कि आंध्रप्रदेश से भारी मात्रा में गांजा लदा ट्रक वाराणसी के रास्ते प्रयागराज/गोपीगंज की ओर जा रहा है।
विज्ञापन


सूचना पर 10 अक्तूबर की सुबह 3:30 बजे डाफी टोल प्लाजा के पास ट्रक को रोका। ट्रक हृदयानंद राय चला रहा था, जबकि भागीरथी बेनिया केबिन में बैठा था। डीआरआई टीम ने ट्रक को कार्यालय परिसर में ले जाकर तलाशी ली। मक्के की 160 बोरियों के नीचे भूरे सेलो टेप से लिपटे 308 पैकेट मिले। पैकेट का वजन 1333.300 किलो था। पैकिंग सामग्री का वजन घटाने के बाद गांजे की मात्रा 1302.500 किलोग्राम निकली, जो व्यावसायिक मात्रा से काफी अधिक थी। मामले में दो अन्य आरोपी एम मोहन राव और एएम चंद्रशेखर भागे हुए हैं। दोनों की पत्रावली 16 मार्च 2023 को अलग कर दी गई थी। 

मारपीट के मुकदमे में महिला को साढ़े पांच साल की सजा
शिवपुर थाने में दर्ज मारपीट समेत अन्य धाराओं के मुकदमे में अदालत ने अभियुक्ता उर्मिला देवी को दोषी करार देते हुए पांच साल छह महीने की साधारण कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। दोषी के खिलाफ शिवपुर थाने में 2021 में प्राथमिकी दर्ज थी। पुलिस के अनुसार, मुकदमे में प्रभारी निरीक्षक शिवपुर और मॉनिटरिंग सेल वाराणसी की ओर से न्यायालय में प्रभावी पैरवी की गई। बुधवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ की अदालत ने अभियुक्ता उर्मिला देवी को दोषी करार दिया।  
 
जालसाजों ने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से उड़ाए 1.15 लाख
जालसाजों ने झांसा देकर शिवलाल मौर्य का एटीएम कार्ड बदल लिया और उसके बैंक खाते से अलग-अलग पांच स्थानों पर 1,15,416 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मेसेज आने पर पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। बैंक पहुंचकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया और थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। भदोही के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के चकवां (घनश्याम) निवासी शिवलाल मौर्य का भारतीय स्टेट बैंक गोपीगंज शाखा में खाता है। पीड़ित के अनुसार, 16 अगस्त को किसी अज्ञात ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद अलग-अलग पांच स्थानों से बारी-बारी कर खाते से कुल 1,15,416 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बताया कि वाराणसी में विनय कुमार गुप्ता के नाम से 46,040 रुपये, मिर्जामुराद भगवती कॉम्प्लेक्स के पास एटीएम से 40 हजार रुपये निकाले गए। अन्य स्थानों से भी रकम निकाली गई। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।  

यूपी कॉलेज के बाहर 11वीं के दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला
यूपी कॉलेज, उदय प्रताप पब्लिक स्कूल परिसर के बाहर मंगलवार को कक्षा 11 के दो सगे भाइयों पर पंच और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया गया। दोनों छात्रों के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मां की तहरीर पर शिवपुर पुलिस ने नामजद आरोपी आर्यन सिंह समेत आठ-दस अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवपुर तरना निवासी किरन सिंह ने पुलिस को बताया कि दोनों बेटे उदय प्रताप पब्लिक स्कूल के छात्र हैं। मंगलवार 18 अगस्त को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों जैसे ही परिसर के बाहर निकले, वहां पहले से मौजूद आरोपी आर्यन सिंह निवासी खुरुहुजा, चंदौली और हाल पता लक्ष्मणपुर, शिवपुर अपने आठ-दस साथियों के साथ पहुंच गया।

परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले भी दोनों के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत स्कूल प्रशासन से की गई थी। आरोप है कि इसी बात की खुन्नस में आरोपियों ने मंगलवार को दोनों भाइयों को घेरकर हमला किया। जाते समय पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।  

सस्ते प्लॉट का झांसा देकर पुलिसकर्मियों से ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार
मां कस्तूरी के नाम पर फर्जी प्रॉपर्टी डीलिंग कंपनी बनाकर वाराणसी समेत आसपास जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों से करोड़ों रुपये ठगी करने के आरोपी गौरव गुप्ता को सारनाथ पुलिस ने बुधवार रात अशोक विहार कॉलोनी से गिरफ्तार किया। ठगी और चेक बाउंस मामले में कोर्ट की ओर से गैर जमानती वारंट भी जारी था। आरोपी से पुलिस ने पूछताछ की है। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी ने मां, भाई, भाभी के साथ कस्तूरी नाम से फर्जी प्रॉपर्टी डीलिंग कंपनी बनाई। पुलिस कर्मियों समेत अन्य लोगों को सस्ते प्लॉट और अच्छा मुनाफा का झांसा देकर ठगी करता था। फर्जी तरीके से प्लॉट दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी कर चुका है। कैंट, लालपुर-पांडेयपुर थाना, रोहनिया, सारनाथ समेत अन्य थानों में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पंचम की कोर्ट ने गौरव गुप्ता के खिलाफ एनआई एक्ट के मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया था।

16 साल पहले मारपीट मामले में दोनों भाई गिरफ्तार
मारपीट और धमकी के 16 साल पुराने मामले में वांछित दो भाइयों वकील और सुनील को बुधवार सुबह पुलिस ने परजनपुर से गिरफ्तार किया। दोनों भाई परजनपुर के निवासी हैं। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि मारपीट, अपमानित करने और आपराधिक धमकी से संबंधित मामले में दोनों वांछित थे। 

आग से बचाव के लिए पुलिसकर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
सिगरा थाने में बुधवार शाम अग्निशमन विभाग ने पुलिसकर्मियों को आग सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षण दिया। पुलिसकर्मियों को आग से बचाव के उपाय बताए गए। प्रशिक्षण बिल्डिंग, गैस सिलिंडर और बिजली के लघु परिपथ से लगने वाली आग से निपटने पर केंद्रित था। चलते वाहनों में अचानक आग लगने की स्थिति में भी बचाव के तरीके सिखाए गए। अग्निशमन विभाग के विशेषज्ञों ने व्यावहारिक प्रदर्शन के साथ जानकारी दी। उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपातकालीन स्थितियों में कार्रवाई के लिए तैयार करना है। इससे जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पहल की गई है। 

सार्वजनिक स्थल पर विवाद करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
सिगरा पुलिस ने बुधवार को कैंट रेलवे स्टेशन के पास सार्वजनिक स्थल पर विवाद कर रही दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पिलर नंबर 59 के पास कुछ महिलाएं आपस में विवाद कर रही थीं। एंटी रोमियो प्रभारी मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानीं। इसके बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शालिनी देवी और रजनी देवी को गिरफ्तार किया गया। शालिनी चोलापुर और रजनी जौनपुर के केराकत की निवासी हैं। 

जुए के फड़ पर छापा, 10 गिरफ्तार, 27 हजार रुपये मिले
लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर में मंगलवार शाम जुए के फड़ पर पुलिस ने छापा मारा। 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से 27 हजार रुपये जब्त किए। लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भगवानपुर निवासी बाबूलाल पटेल, अनिल कुमार पटेल, सूरज सिंह, अभिषेक पटेल, राकेश कुमार पाल, राजेश कुमार पटेल उर्फ वीरु, मिर्जापुर के बभुआ निवासी सौरभ पटेल, छित्तूपुर निवासी वीरेंद्र यादव, रितिक पाल, विजय पटेल शामिल हैं। बीएचयू चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी की टीम ने भगवानपुर में एक खाली प्लॉट से जुआरियों को गिरफ्तार किया। पूरी रेड की मोबाइल से वीडियोग्राफी भी की गई।  

पालतू कुत्ते को ईंट मारने पर विवाद, दो पक्षों में मारपीट
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज के सुआरी गांव में मंगलवार को पालतू कुत्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मामले में दानगंज चौकी पर शिकायत दर्ज कराई गई है। सुआरी गांव निवासी पवन चौबे ने पालतू कुत्ता पाल रखा है। ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ता गांव से आने-जाने वाले राहगीरों पर भौंकता है, जिससे लोगों में डर बना रहता है। मंगलवार को सोनू राजभर वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान कुत्ता उस पर भौंकने लगा। डर के कारण सोनू ने कुत्ते को ईंट मार दी। कुत्ते को ईंट मारने की बात पर पवन चौबे और सोनू राजभर के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने दानगंज चौकी पहुंचकर शिकायत की। थाना प्रभारी सुधवन राम गौतम ने बताया कि पालतू कुत्ते को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। 

युवक को घेरकर मारपीट, जान से मारने की धमकी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के अभ्युदय नगर कॉलोनी में संदीप जायसवाल ने भांजे को घेरकर पिटाई करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। अभ्युदय नगर कॉलोनी निवासी संदीप जायसवाल ने पुलिस को तहरीर में बताया कि 17 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे उनका भांजा अंशुल कुमार किसी काम से जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में प्रिंस यादव, भोला यादव ने चार-पांच अज्ञात लोगों के साथ मिलकर अंशुल को घेर लिया। आरोपियों ने गालीगलौज कर मारपीट की। मारपीट होता देख राहगीरों ने हस्तक्षेप किया तो आरोपी अंशुल को जान से मारने की धमकी देते भाग निकले। परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  
 
चोरी में एक गिरफ्तार, 3 बाल अपचारी भी पकड़े गए
पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। साथ ही तीन बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवरात और नकदी बरामद की है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि 15 अगस्त को हीरामनपुर निवासी मनीष जायसवाल के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। 19 अगस्त की सुबह फरीदपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष कुमार निवासी तिलमापुर के रूप में हुई है। तीन बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने चार जोड़ी पायल, चार बिछिया, 10 चूड़ियां और 760 रुपये बरामद किए। बाल अपचारियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई। 
विज्ञापन

बंद मकान से आभूषण और 40 साड़ियां चोरी
कपसेठी थाना क्षेत्र के बाराडीह पैसहवा गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के आभूषण, साड़ियां और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। घटना की जानकारी परिवार के गांव लौटने पर हुई। पीड़िता ने कपसेठी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शीला देवी ने बताया कि परिवार के साथ छह महीने से सूरत में रह रही थीं। 17 अगस्त को वह बहू के साथ गांव पहुंचीं। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर दो कमरों के ताले टूटे मिले। घर में रखे दो बक्सों के ताले भी टूटे थे। थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि पीड़िता की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।  

शादी का भरोसा देकर किशोरी को भगाने का आरोपी गिरफ्तार
गढ़वा मोड़ के पास से किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में आरोपी करण उर्फ सत्यजीत प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कहीं भागने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहा था। पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को थाना क्षेत्र निवासी किशोरी के पिता ने मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के पूरे कछवां रोड निवासी करण उर्फ सत्यजीत प्रजापति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने किशोरी को पहले ही बरामद कर लिया था। बुधवार को पुलिस आरोपी गढ़वा मोड़ के पास से पकड़ा। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें