फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की बड़ी खबरें: तांत्रिक हत्याकांड के आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज, पेट्रोल के पैसे मांगने पर तोड़फोड़

Wed, 16 Sep 2026 03:40 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

तांत्रिक की हत्या में आरोपी सगे भाइयों की जमानत अर्जी खारिज कर दी गई। उधर, पेट्रोल के पैसे मांगने पर तोड़फोड़ की गई। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। पढ़ें- अन्य खबरें
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी में लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में अनीश उपाध्याय की हत्या के आरोप में जेल में बंद तीन भाइयों सोनू, विशाल और विकास की पहली जमानत अर्जी सत्र न्यायालय ने खारिज कर दी। सत्र न्यायाधीश संजीव शुक्ल की अदालत ने अपराध की गंभीरता और केस डायरी में उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए जमानत देने से इन्कार कर दिया। अभियोजन के अनुसार, अनीश 30 जून को गणेशपुर में पूजा कराने की बात कहकर घर से निकले थे। वापस नहीं लौटने पर सात जुलाई को पत्नी प्रियंका उपाध्याय ने गुमशुदगी दर्ज कराई। 

विज्ञापन


12 अगस्त को पुलिस ने एक शव की फोटो दिखाकर पहचान कराई। हाथ पर बने निशान और टैटू के आधार पर पत्नी ने शव को अनीश का बताया। आरोप है कि सोनू, विशाल, विकास और अन्य आरोपियों ने अनीश को पूजा कराने के बहाने बुलाया। इसके बाद उनकी हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया। अभियोजन ने हत्या की वजह आरोपियों को अनीश पर परिवार की एक महिला के साथ गलत व्यवहार का संदेह होना बताया है। 

पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोट और खोपड़ी में कई फ्रैक्चर मिले। बचाव पक्ष ने आरोपों को गलत बताते हुए शव की पहचान पर सवाल उठाया। कहा कि डीएनए जांच नहीं कराई गई और घटना का कोई चश्मदीद गवाह नहीं है। घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच और बरामद सामान पर भी सवाल उठाए गए। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उपलब्ध सामग्री और अपराध की गंभीरता को देखते हुए तीनों की प्रथम जमानत अर्जी निरस्त कर दी।  
विज्ञापन

 
पेट्रोल के पैसे मांगने पर तोड़फोड़, अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के कमच्छा में जावित्रि ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल के रुपये मांगने पर गाली-गलौज, धमकी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पंप मालिक सुनीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। रविवार रात 0 बजे कार से आए लोगों ने 500 रुपये का पेट्रोल भरवाया। आरोप है कि रुपये मांगने पर उन्होंने भुगतान नहीं किया और वाहन लेकर जाने लगे। कर्मचारियों ने पैसे मांगे तो कथित तौर पर गालीगलौज करने लगे। इस दौरान पेटीएम मशीन को भी तोड़ दिया गया। कर्मचारियों के घेराव करने पर आरोपी वाहन को पेट्रोल पंप पर छोड़कर भाग गए। पंप मालिक का आरोप है कि रात तीन बजे आरोपी दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे और ईंट-पत्थर से पेट्रोल-डीजल की मशीनों में तोड़फोड़ की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

जमीन के विवाद में मारपीट, छह घायल
अनौरा गांव में सोमवार को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों का स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया और दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी स्टे की जमीन पर गोविंद, पप्पू चौहान समेत अन्य लोग गड्ढा खोद रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने मां उत्तरा देवी, चाचा छोटेलाल व पन्नालाल को लाठी-डंडे से पीटा और धमकी दी। दूसरे पक्ष के गोविंद चौहान ने बताया कि वह आबादी में बने शौचालय की मरम्मत करा रहे थे। विरोध करने पर छोटेलाल, प्यारेलाल समेत अन्य लोगों ने छेदीलाल, चंद्रभाषा और पवन की पिटाई कर दी। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी घायल
लंका थाना क्षेत्र के मलहिया में विश्वसुंदरी पुल पर मंगलवार शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार धर्मेंद्र यादव (45) की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी उनकी पत्नी गायत्री घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। धर्मेंद्र चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के चांदपुर के रहने वाले थे और रेलवे में पेंट्रीकार में नौकरी करते थे। मंगलवार को पत्नी के साथ गढ़वाघाट आश्रम जा रहे थे। विश्वसुंदरी पुल के ऊपर पहुंचने पर पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए। गंभीर चोट लगने के कारण धर्मेंद्र की मौत हो गई, जबकि गायत्री घायल हो गईं। हादसे के बाद पुल पर वाहनों की कतार लग गई और कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाया और यातायात सुचारु कराया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। 

स्कूटी रोककर युवती से छेड़खानी, दो आरोपी पकड़े गए
राजातालाब बाजार से दवा लेकर स्कूटी से घर लौट रही युवती से दो बाइक सवार युवकों ने छेड़खानी की। युवती का आरोप है कि बैंक ऑफ बड़ौदा की बैरवन शाखा के पास दोनों युवकों ने उसकी स्कूटी के आगे बाइक खड़ी कर उसे रोक लिया। इसके बाद जबरन खींचकर सुनसान स्थान पर ले गए। युवती के मुताबिक, एक युवक ने उसका हाथ पकड़ रखा था, जबकि दूसरा कपड़े खींचने लगा। विरोध करने पर उसके कपड़े फट गए और शरीर पर चोटें भी आईं। युवती का आरोप है कि बचने के लिए उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे दोनों के चंगुल से छुड़ाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। युवती की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।   

रंगदारी मांगने वालों के घर पुलिस की दबिश, 20 आरोपी फरार
काजिसराय में टी स्टॉल संचालक से रंगदारी मांगने और रकम देने से इन्कार करने पर तोड़फोड़ और बवाल के मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है। मंगलवार को थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने नामजद आरोपियों के घरों और संभावित ठिकानों पर छापा मारा। हालांकि, आरोपी नहीं मिले।रविवार को शिवम सिंह और उत्कर्ष सिंह टी स्टॉल पहुंचे और वहां तोड़फोड़ करते हुए हंगामा किया। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। 

मरीज की मौत पर परिजनों ने जताई नाराजगी, इलाज में लापरवाही का आरोप
अवलेशपुर में निजी अस्पताल में चार दिन से भर्ती दुर्गावती देवी की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा किया। अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को खारिज कर मरीज की मौत कार्डियक अरेस्ट से होने की बात कही। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।

खनाव गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान सुरेंद्र राजभर की मां दुर्गावती देवी को चार दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजन रविंद्र राजभर के अनुसार, सोमवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ी और सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजनों ने नर्स से ऑक्सीजन हटाने के लिए कहा था। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने इलाज को लेकर सवाल उठाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। 

प्रबंधन के अनुसार, मरीज की हालत के बारे में परिजनों को नियमित रूप से जानकारी दी जा रही थी। सोमवार को मरीज को कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनकी मौत हुई। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। 

कांटा अधिकारी बनकर कबाड़ी से 2500 रुपये ले गए चार युवक
रोहनिया थाना क्षेत्र के केशरीपुर में भास्करा तालाब के पास चार अज्ञात युवकों पर कांटा-बांट विभाग का अधिकारी बनकर कबाड़ी से 2500 रुपये लेने का आरोप लगा है। आरोप है कि तीन बाइक से पहुंचे युवकों ने कबाड़ी को रोककर पहले तराजू और कांटा चेक किया। इसके बाद तलाशी के नाम पर उसकी जेब से रुपये निकाल लिए और धमकाते हुए भुल्लनपुर की ओर भाग गए। रोहनिया निवासी सुनील कबाड़ खरीदने का काम करता है। तालाब के पास तीन बाइक सवार चार युवकों ने उन्हें रोक लिया। युवकों ने खुद को बाट-माप विभाग का अधिकारी बताते हुए तराजू-कांटे की जांच शुरू कर दी। दो युवक कांटा चेक करने लगे, जबकि दो अन्य उनकी तलाशी लेने लगे। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

बहू की चेन पहन तीज पूजा करने गईं, हो गई चोरी
तीज की पूजा के लिए पांडेयपुर हनुमान मंदिर पहुंची अंजनी पाठक की भीड़ में चेन कट गई। वह बहू की चेन पहनकर पूजा करने गई थीं। चेन गायब होने का पता चलते ही महिला फफक-फफककर रोने लगीं। अंजनी के पति होमगार्ड हैं और यातायात पुलिस लाइन में तैनात हैं। घटना के बाद उन्होंने लालपुर-पांडेयपुर पुलिस को सूचना दी और चेन चोरी का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश व चेन बरामदगी की मांग की। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  

फर्जी दस्तखत से 12 साल का किरायानामा बनाया, प्लॉट पर किया कब्जा
शिवपुर थाना क्षेत्र के उसरपुरवा (भरलाई) निवासी राजेश कुमार सिंह के प्लॉट पर कब्जा करने और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है। प्राथमिकी के अनुसार, राजेश ने 2017 में अपना प्लॉट राजू राम को 11 महीने के लिए किराये पर दिया था। अवधि पूरी होने पर जब उन्होंने प्लॉट खाली करने को कहा तो राजू ने टाइल्स और मार्बल रखने का हवाला देते हुए तीन महीने के लिए दूसरा प्लॉट भी मांग लिया। आरोप है कि इसके बाद राजू राम ने दोनों प्लॉट खाली करने से इन्कार कर दिया और दबंगई दिखाने लगा। इसके बाद राजू र ने भाई चेना राम और साले तेजपाल कुमावत के साथ मिलकर प्लॉट पर कब्जा करने की साजिश रची। 

पीड़ित का आरोप है कि तीनों ने उसके फर्जी हस्ताक्षर बनाकर 12 साल का कूटरचित किरायेदारी इकरारनामा और फर्जी सहमति पत्र तैयार कर लिया। इन्हीं दस्तावेज के आधार पर बिजली निगम से प्लॉट पर बिजली कनेक्शन भी ले लिया। राजेश कुमार सिंह ने दस्तावेज पर हस्ताक्षरों की विधि विज्ञान प्रयोगशाला के हैंडराइटिंग और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ से जांच कराई। पीड़ित के मुताबिक, जांच में दस्तखत फर्जी पाए गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि राजू राम, चेना राम और तेजपाल कुमावत निवासी द्वारिकापुरी कॉलोनी, तरना, शिवपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बाउंड्री विवाद में आमने-सामने आए दो पक्ष, अधिवक्ताओं की पुलिस से नोकझोंक
गणेशपुर में बाउंड्री वॉल गिरने और कृषि भूमि में दूषित पानी बहाने के विवाद में सोमवार को शिवपुर थाने में हंगामा हुआ। क्रॉस शिकायत दर्ज कराने पहुंचे अधिवक्ताओं की थाना प्रभारी से नोकझोंक हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया और जांच शुरू कर दी। गणेशपुर निवासी आलोक अग्रवाल और अमित अग्रवाल की बाउंड्री वॉल के पास गड्ढा खोदे जाने से दीवार गिर गई थी।

आलोक और अमित की तहरीर पर पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। इसी मामले में अधिवक्ता धर्मेंद्र यादव ने आराजी नंबर 553 की कृषि भूमि में दूषित पानी बहाए जाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि आलोक और अमित अग्रवाल की कंपनी नाईक एनर्जी मैन्यूफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड की ओर से जबरन उनकी कृषि भूमि में गंदा पानी बहाया जा रहा है। इसी संबंध में वह शिकायत दर्ज कराने शिवपुर थाने पहुंचे थे।

शिकायत दर्ज कराने के दौरान अधिवक्ताओं की थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली। थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

शराब के नशे में ससुराल पहुंचा दामाद, पथराव और जान से मारने की धमकी का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल में शराब के नशे में ससुराल पहुंचे दामाद पर गाली-गलौज, मारपीट, पथराव और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। सिकरौल निवासी बीना मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने दामाद आनंद रंजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

तहरीर के मुताबिक, बीना मिश्रा की बेटी सिद्धि मिश्रा की शादी आनंद रंजन से 25 फरवरी 2025 को हुई। आरोप है कि शादी के बाद से आनंद शराब के नशे में सिद्धि के साथ मारपीट करता था। 2025 में रात दो बजे उसने सिद्धि को घर से निकाल दिया। इसके बाद वह दो साल की बेटी के साथ मायके आकर रहने लगी। 

पांच जून 2025 को आनंद नशे में सिकरौल में ससुराल पहुंचा और बच्ची को जबरन साथ ले जाने लगा। परिवार और आसपास के लोगों ने बच्ची को उसके कब्जे में जाने से रोक दिया। इस दौरान वह सिद्धि का मोबाइल लेकर चला गया। आठ जून को घर के गेट पर ईंट-पत्थर चलाने और 12 अगस्त को घर पहुंचकर गाली-गलौज करने के साथ धमकी देने का भी आरोप है। बीना का आरोप है कि तीन मई 2026 को आनंद ने घर पहुंचकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 
विज्ञापन

होटल में शराब पीकर अभद्रता का आरोप, कॉलोनीवासियों में आक्रोश
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के तारकेश्वर नगर, शिवदासपुर के होटल को लेकर कॉलोनीवासियों में आक्रोश है। लोगों ने होटल में आने वाले लोगों पर शराब पीकर कॉलोनी में अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को मंडुवाडीह थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई। सुमित शुक्ला की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि होटल में आने वाले कुछ लोग शराब पीकर बाहर निकलते हैं। इसके बाद कॉलोनी में महिलाओं और बुजुर्गों के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। होटल संचालक को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन सुधार नहीं हुआ। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि होटल के संबंध में कार्रवाई के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें