फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News in Brief: भवनों में क्यूआर कोड लगा रहा निगम, घर बैठे जमा कर सकेंगे टैक्स, पढ़ें- अन्य खबरें

Sun, 26 May 2024 04:06 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी

सार

Varanasi News: वाराणसी में रविवार को कई खबरें रहीं। नगर निगम की ओर से जनता की सहूलियत के लिए अब एक पहल की गई है। अब सभी लोगों के मकान पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। इस माध्यम से लोग घर बैठे ही अपना गृहकर जमा कर सकेंगे। साथ ही पूरनपट्टी के लोग मध्य रात्रि बिजली कटौती से परेशान रहे। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी नगर निगम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगर निगम की ओर से भवनों में क्यूआर कोड लगाने की प्रकिया शुरू हो गई। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने अस्सी क्षेत्र में स्थित भवन स्वामी के घर जाकर क्यूआर कोड को चस्पा कराते हुए इस अभियान की शुरूआत की। इसके माध्यम से लोगों ने घर बैठे अपना गृहकर भी जमा किया, जिसकी रसीद भी उनको तुरंत मिल गई।

विज्ञापन


अस्सी क्षेत्र में लोगों ने यूपीआई के माध्यम से अपने भवन का गृहकर जमा किया गया। इसके बाद भवन स्वामी के वाट्सएप और ईमेल पर जमा करने की रसीद प्राप्त हो गई। नगर आयुक्त ने बताया कि क्यूआर कोड लगाने की प्रक्रिया प्रथम चरण में भेलूपुर जोन से प्रारंभ की गई है, इसके बाद नगर के सभी लगभग दो लाख पच्चीस हजार भवनों में क्यूआर कोड लगाया जाएगा।

इस क्यूआर कोड के माध्यम से कोई भी भवन स्वामी अपने भवन का गृहकर, जलकर, सीवर कर घर बैठे यूपीआई के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आने वाले दिनों में घर-घर से कूड़ा उठान की भी मॉनीटरिंग भी इस क्यूआर कोड से की जाएगी। इस दौरान मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर, पीआरओ संदीप श्रीवास्तव, कर अधीक्षक भेलूपुर, प्रोग्रामर दिनेश दूबे मौजूद रहे।
विज्ञापन


स्काउटिंग से छात्रों में पनपता है ईमानदारी और सेवाभाव
महात्मा गांंधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि स्काउटिंग की विधा से छात्रों में अनुशासन, ईमानदारी, सेवाभाव और प्रकृति के प्रति आस्था का सृजन होता है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड के सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त रवींद्र कौर शोखी ने प्रादेशिक समागम के उप विजेता की शील्ड और स्काउटिंग की पुस्तक भेंट की।

कार्यक्रम में जिला मुख्यायुक्त प्रो. केके सिंह ने बताया कि जिला संस्था के रूप में विश्वविद्यालय प्रत्येक महाविद्यालय में रोवर रेंजर की इकाई गठित करने, संस्था में पंजीकरण और नवीनीकरण, प्रवेश और निपुण प्रशिक्षण, बीएड छात्राध्यापकों के स्काउट गाइड प्रशिक्षण संपन्न कराने और प्रमाणपत्र निर्गत करने की कार्यवाही शुरू कर चुका है।

काशी विद्यापीठ के जिला आयुक्त रोवर, प्रो. रमाकांत सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के संपूर्ण परिक्षेत्र वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जिले को सम्मिलित कर उत्तर प्रदेश भारत स्काउट गाइड जनपद महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का गठन किया गया है। 

संस्था की ओर से विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसे- बिगिनर्स कोर्स, स्पेशल इंट्रोडक्टरी कोर्स, बेसिक कोर्स, एडवांस कोर्स, हिमालय वुड वैज, विशेषज्ञता कोर्स आदि कराए जाएंगे। रोवर एवं रेंजर के लिए बीएसजी ज्ञान प्रतियोगिता विश्वविद्यालय स्तर पर नवंबर में और प्रदेश स्तर पर 28 दिसंबर 2024 को प्रस्तावित है। 

साथ ही उत्तर प्रदेश भारत स्काउट गाइड संस्था की ओर से ‘एक जनपद, एक गतिविधि’ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया गया। इस मौके पर जिला रेंजर आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. अमिता श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

एचटी तार टूटने से तीन गांवों को 12 घंटे बाद मिली बिजली
पूरनपट्टी विद्युत उपकेंद्र के पास मध्य रात्रि हाईटेंशन तार अचानक टूटकर गिर गया। पूरनपट्टी, हूंसेपुर और बीकापुर के दर्जनों परिवारों के घरों में अंधेरा छा गया। लोग उपकेंद्र पर पहुंचे तो कर्मचारी ने बताया कि लाइन जोड़ने वाले लोग सुबह आएंगे। उपभोक्ता रातभर गर्मी से परेशान रहे। 

उनका कहना था कि सुबह बिजलीकर्मी उन्हें टालते रहे। अवर अभियंता से भी शिकायत की गई, लेकिन लाइन नहीं जोड़ी गई। लोगों ने एसडीओ रवींद्र यादव को जानकारी दी। एसडीओ के निर्देश पर 11 बजे के बाद तार जोड़कर आपूर्ति बहाल की गई। तब तक उपभोक्ता पानी के लिए भी परेशान रहे। संवाद

कुश्ती प्रतियोगिता के लिए वजन में शामिल हुए 130 खिलाड़ी
यूपी कुश्ती संघ की ओर से प्रदेशस्तरीय सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का वजन लिया गया। नैपुरा व्यायामशाला में 120 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वहीं, चयन ट्रायल शनिवार को होगा।

ग्रीको रोमन में 30, फ्री स्टाइल में 65 और बालिका वर्ग में 25 खिलाड़ियों ने वजन कराया। बालक वर्ग में 45, 48, 51, 55, 60, 65, 71, 80, 92 और 110 किलो और बालिका वर्ग में 36, 40, 43 46, 49, 53, 57, 61, 65, 69 और 73 किलो भारवर्ग में खिलाड़ियों ने वजन दिया। 

जिला कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव गोरख यादव ने बताया कि प्रदेशस्तरीय सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता 31 मई से 2 जून तक गोंडा के नंदिनी नगर में खेली जाएगी। प्रतियोगिता में 16 से 17 आयु के बीच के बालक-बालिका दावेदारी करेंगे।

27 मई को अधिवक्ताओं से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं के साथ सोमवार की शाम 4:30 बजे कचहरी के समीप स्थित रामाश्रय वाटिका में संवाद करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन सेंट्रल बार एसोसिएशन की ओर से किया गया है। इस संबंध में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुरलीधर सिंह और महामंत्री सुरेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि संवाद कार्यक्रम में अधिवक्ताओं के मेडिक्लेम समेत अन्य समस्याओं को प्रमुखता से रखा जाएगा।

50 किसानों को निशुल्क दिए धान के बीज
लोक समिति व आशा ट्रस्ट ने 50 किसानों को निशुल्क धान के उन्नतशील बीज दिए। वितरण हेल्पिंग हैंड के सहयोग से नागेपुर गांव में हुआ। वहीं, किसानों को जल संरक्षण एवं सूक्ष्म सिंचाई तकनीक के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान संयोजक नंदलाल मास्टर, सुनील, रामधीरज मौजूद रहे।

बाबा रामदेव ने शत प्रतिशत मतदान की अपील
स्वामी बाबा रामदेव ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पतंजलि योग समिति के सदस्यों को शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की। महमूरगंज स्थित श्रृंगेरी आश्रम गोपाल धाम में आयोजित कार्यक्रम में पतंजलि के सभी संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों को शपथ दिलाई। 

पतंजलि योग समिति के केंद्रीय प्रभारी जयदीप आर्य, प्रदेश मंत्री गिरीश यादव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश ने विचार रखे। संचालन पतंजलि के उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रभारी दुर्गेश ने किया। इस मौके पर वाराणसी के प्रभारी मुकेश कुमार, मेजर सतीश सिंह, किसान पतंजलि के शार्दुल विक्रम चौधरी, लक्ष्मी नारायण, रमेशचन्द्र गुप्ता, कुशला आदि रहीं।

विज्ञापन

मिर्जामुराद में वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

मिर्जामुराद के रुपापुर स्थित (भेड़हा) ग्राम के सामने हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मिर्जापुर के कछवां थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी कमलेश चौबे उर्फ बबलू उम्र (41) वाराणसी से वापस घर जा रहे थ। हाईवे पर बाइक में पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। 

मिर्जामुराद थाना प्रभारी आनंद कुमार चौरसिया ने युवक को एंबुलेंस की से ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह शहर में ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरणपोषण करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसे दो पुत्र और एक पुत्री है। मौत की सूचना मिलते ही मां कृष्णावती देवी व पत्नी अनिता चौबे का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने बताया कि पिता की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है। 

बेटे की गिरफ्तारी की बात कहकर छह लाख की ठगी
हुकुलगंज, मकबूल आलम रोड निवासी रामेश्वर तिवारी को साइबर जालसाजों ने छह लाख की चपत लगा दी। प्रकरण को लेकर साइबर क्राइम पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। रामेश्वर ने बताया कि विजय कुमार ने उन्हें फोन किया था। कहा कि वह दिल्ली के थाना सदर में सब इंस्पेक्टर बोल रहा है। बताया कि दिल्ली में पढ़ने वाला उनका लड़का एक लड़की के साथ पकड़ा गया है। बेटे की गिरफ्तारी का भय दिखाकर विजय ने उन्हें छह लाख रुपये की ठगी कर ली।

आपसी विवाद को लेकर मारपीट, मुकदमा दर्ज
हाथी बाजार (बरम बाबा का बगीचा) निवासी राकेश मौर्य ने जंसा थाने की पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसका बड़ा भाई राजेश मौर्य, उसकी पत्नी नीलम और भतीजा सनी मौर्य आपसी विवाद को लेकर उसके साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट किया। इसके साथ ही तीनों ने जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में जंसा थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

नारियल पानी भेजने का झांसा देकर ऐंठ लिया 78 हजार
वाराणसी के अनंता नगर कॉलोनी, नदेसर निवासी एक व्यापारी को नारियल पानी भेजने का झांसा देकर जालसाज ने एडवांस के नाम पर दो बार में 78 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। प्रकरण को लेकर व्यापारी ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

मनोज पांडे ने कैंट थाने की पुलिस को बताया कि वह मेहनाजपुर, आजमगढ़ के मूल निवासी हैं। गत शुक्रवार को उनके मोबाइल पर नारियल पानी बेचने वाला व्यापारी बन कर वसीम नाम के व्यक्ति ने फोन किया। उसने वीडियो कॉल कर खरीदारी के लिए नारियल पानी भी दिखाया। 

सौदा तय होने पर उसे गूगल-पे के माध्यम से दो बार में एडवांस के रूप में 78 हजार रुपये उन्होंने ट्रांसफर किया। भुगतान के बाद जब उससे बात करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल ही बंद हो गया। कई बार के प्रयास के बाद भी उससे बात नहीं हो सकी।

घर में झगड़े के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दी
लोहता के खेवसीपुर गांव में एक युवक ने आम के बगीचे में पेड़ की डाल के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार की सुबह ग्रामीण बगीचे की ओर गए तो युवक का शव देख कर उसके परिजनों को सूचना दिए। सूचना पाकर लोहता थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। लोहरापुर गांव निवासी गुलचंद यादव के तीन बेटों में बालचरण यादव उर्फ अर्जुन (23) सबसे छोटा था। अविवाहित बालचरण ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता था। 

गुलचंद यादव ने बताया कि शनिवार की रात घर में झगड़ा करके बालचरण बाहर निकल गया था। रविवार की सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि वह फंदा लगा लिया है तो हम लोग मौके पर पहुंचे। उधर, लोहता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट होगा कि मौत कैसे हुई है।

प्रोग्राम खत्म कर लौट रहे आर्केस्ट्रा कर्मी की पिटाई
बड़ागांव के रमईपट्टी में आर्केस्ट्रा कर्मी को गांव के ही शैलेश आकाश और उनके अज्ञात दोस्तों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के संबंध में सरैयां निवासी शंभू पाल ने बड़ागांव थाने की पुलिस को बताया कि वह अपनी टीम के साथ रमईपट्टी के ग्राम प्रधान लालबहादुर के घर में आयोजित कार्यक्रम में गया था। 

वहां से वापस जाने की तैयारी कर रहा था। उसी दौरान शैलेष, आकाश अपने आठ-दस साथियों के साथ आकर गालीगलौज करते हुए उसे पीटने लगे। मारपीट के दौरान उसके गले की सोने की चेन भी गायब हो गया। बड़ागांव थाने की पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

जमीन पर कब्जा करने से रोका, मां-बेटे पर हमला
बड़ागांव के गांगकला गांव में जमीन पर कब्जा करने से रोकने पर मनबढ़ों ने मां-बेटे को लाठी-डंडे और धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया। प्रकरण को लेकर बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। गांगकला निवासी संजय तिवारी ने बड़ागांव थाने की पुलिस को बताया कि उसके गांव के सत्यम सिंह, संतोष सिंह और ओमप्रकाश सिंह उसकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उस पर निर्माण करा रहे थे। जब उन्होंने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी देने लगे। 

सूचना पर आई पुलिस ने काम बंद करा दिया। मगर, रात में वह लोग फिर निर्माण कार्य करने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो वो लोग गालीगलौज करते हुए हाथ में लाठी-डंडा, सरिया और धारदार हथियार लेकर उन पर और उनकी मां पर हमला कर दिए। बीचबचाव करने उनका भाई राजकुमार और चचेरा भाई प्रभात आया तो उनकी भी पिटाई की गई।

मानसिक रूप से अस्वस्थ किशोरी के साथ दुष्कर्म
वाराणसी के परानापट्टी निवासी दुर्गेश को चोलापुर थाने की पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस संबंध में गत 24 मई को चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपी दुर्गेश किशोरी का मुंह दबाकर उसे जबरन अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे मारा-पीटा। किशोरी ने आपबीती परिजनों को सुनाई तो वो उसके घर पहुंचे। इस पर दुर्गेश ने किशोरी के पिता और भाई को जान से मारने की धमकी दी।

किशोरी के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
चौबेपुर के बीकापुर निवासी अर्जुन को चौबेपुर थाने की पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी के अपहरण के आरोप में सुंगुलपुर अंडरपास के समीप से रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अपहृत किशोरी गत 24 मई को ही अपने घर आ गई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें