बरेका परिसर स्थित आरपीएफ बैरक के पास देर रात कार की टक्कर से दक्षिणी ककरमत्ता निवासी 25 वर्षीय मजदूर सतीश भारती की मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। हादसे में मौत से गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ की। सूचना पाकर मंडुवाडीह थाने की पुलिस पहुंची और सभी को शांत कराई। इसके बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सतीश भारती दक्षिणी ककरमत्ता स्थित अपने आवास से लगभग आठ बजे बरेका परिसर स्थित दुकान में सामान लेने निकला था। बरेका स्थित सेंट जॉन्स स्कूल के समीप सिनेमा हॉल की तरफ से परिसर के मुख्य गेट की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ने सतीश को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल सतीश को बरेका स्थित केंद्रीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सतीश पांच भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता किशोरी लाल की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद सतीश के बड़े भाइयों रवि, टेढ़ू, दिनेश, राकेश और उसकी मां दुर्गा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था।
ज्ञानवापी से संबंधित अर्जेंट वाद की सुनवाई एक अगस्त को
सिविल जज (सीनियर डिवीजन) हितेश अग्रवाल की कोर्ट में ज्ञानवापी में पूजा-पाठ और राग-भोग सहित अन्य मांगों से संबंधित अर्जेंट वाद की सुनवाई हुई। इस मामले में अगली सुनवाई एक अगस्त को होगी।
मामले में पिछली तिथि पर अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से एक अर्जी दी गई थी। कहा गया था कि जो वाद दाखिल किया गया है, उसमें कई तरह की त्रुटि है। उन त्रुटियों को सही करने का आदेश देने की कोर्ट से गुहार लगाई गई है। उसके बाद ही इस मामले में अग्रिम सुनवाई की बात कही गई है।
गंगा में छलांग लगाई, मल्लाहों ने बचाया
राजघाट स्थित मालवीय पुल से 50 वर्षीय व्यक्ति ने गंगा में छलांग लगा दी। नीचे मछली पकड़ रहे मल्लाहों ने डूब रहे व्यक्ति को गंगा से बाहर निकाला और आदमपुर थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गंगा में कूदे व्यक्ति की आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घायल व्यक्ति को पुलिस ने उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया है।
युवक की घर वाले कर रहे थे तलाश, कुएं में मिला शव
दानगंज के देईपुर ग्रामसभा की देवानंदपुर बस्ती के एक कुएं में देर रात चंद्रकांत यादव (22) का शव मिला। चंद्रकांत घर से मंगलवार से गायब था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। देर रात देईपुर ग्रामसभा की देवानंदपुर बस्ती के एक कुएं में एक युवक का शव उतराया होने की सूचना चोलापुर थाने की पुलिस को मिली।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष चोलापुर ने शव को एनडीआरएफ की टीम की मदद से रात 12 बजे के बाद बाहर निकलवाया तो जसकी पहचान चंद्रकांत के रूप में हुई। चंद्रकांत के पिता वासुदेव यादव ने पुलिस को बताया कि वह एक दिन पहले से घर से गायब था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वासुदेव यादव के तीन पुत्र हैं और चंद्रकांत सबसे छोटा था।
ट्रैक पार कर रहा बुजुर्ग ट्रेन की चपेट में आया, मौत
आदमपुर थाना अंतर्गत कज्जाकपुरा रेलवे डॉट पुल के समीप अज्ञात ट्रैक पार करते समय सारनाथ की ओर से आ रही एक ट्रेन की चपेट में 65 वर्षीय वृद्ध आ गया। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। आधार कार्ड की मदद से बुजुर्ग की पहचान कोनिया निवासी अशोक गुप्ता के रूप में हुई। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सिटी जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मालगाड़ी का इंजन कपलिंग से अलग हुआ, आधे घंटे रही खड़ी
गहरपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप गुरुवार की शाम भदोही से वाराणसी की तरफ जा रही मालगाड़ी का इंजन कपलिंग से अलग हो गया। घटना की जानकारी होने पर ड्राइवर ने इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम लखनऊ को देते हुए स्टेशन मास्टर चौखंडी को भी दी।
लगभग आधे घंटे रेलवे ट्रैक पर खड़ी होने के बाद मालगाड़ी का कपलिंग जोड़ा गया। इसके बाद मालगाड़ी अपने गंतव्य को रवाना हुई। वहीं, इस दौरान रेलवे क्रॉसिंग गहरपुर पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा दर्ज
लक्षीपुर गांव की ननकी ने जंसा थाने की पुलिस को तहरीर दी। बताया कि एक सप्ताह पूर्व उसकी जमीन में रखी हुई ईंट को विपक्षी सुरेंद्र, रामगोपाल और शंकर ने उठा कर फेंक दिया। आपत्ति जताने पर उसके साथ गालीगलौज और मारपीट की गई। बीचबचाव करने आई बहू के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
शरीर पर छींटा पड़ा तो की युवक की पिटाई
सेवापुरी के करधना गांव निवासी कमलेश सिंह ने जंसा थाने की पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि उनका बेटा वैभव सिंह चार दिन पहले मोटरसाइकिल से बड़ौरा बाजार जा रहा था। वह पंपापुर गांव के समीप पहुंचा था कि उसी दौरान सड़क के किनारे बैठे कुछ युवकों के शरीर पर बारिश के पानी के छींटे पड़ गए। जिससे युवक बेटे के साथ युवक उलझ गए और कहासुनी करने लगे, लेकिन मामला शांत हो गया।
इसके बाद पुनः बड़ौरा बाजार जाते समय वैभव को एक जनाजे में शामिल लगभग 10–15 लोगों ने रोककर पीट दिया। इस मामले में जंसा थाने की पुलिस ने मुश्ताक, कैफ, जियाउल सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ धारा मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। संवाद
सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की मौत
वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर गोसाईपुर के पास बुधवार की देर शाम सड़क पार करते समय मोहांव (बाड़ा) निवासी 70 वर्षीय भोजू यादव को तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल भोजू यादव को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार की सुबह घायल बुजुर्ग की मौत हो गई।
दशाश्वमेध घाट के पास चक्कर खाकर गिरी श्रद्धालु, एंबुलेंस से भेजा अस्पताल
काशी विश्वनाथ धाम में बाबा का दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु दशाश्वमेध घाट के पास चक्कर खाकर गिर गई। एंबुलेंस से उसे मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा भेजा गया।
108 एंबुलेंस के प्रोग्राम मेनेजर कृष्ण देव और जिला प्रभारी इमान ने बताया कि बिहार के मधुबनी से आई महिला श्रद्धालु रेखा (50) को एंबुलेंस में उपचार देते हुए मंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चितरंजन पार्क के पास दो एंबुलेंस को स्थायी रूप से तैनात कर दिया है। इससे दशाश्वमेध समेत आसपास के क्षेत्रों में किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने या दुर्घटना उसे अस्पताल पहुंचाया जाता है।
भीटी गांव का सफाईकर्मी निलंबित
कार्य में लापरवाही पर काशी विद्यापीठ ब्लाॅक के भीटी गांव के सफाईकर्मी परदेशी को डीपीआरओ आदर्श ने निलंबित कर दिया है। एडीओ पंचायत सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि सफाईकर्मी बिना बताए एक माह से अनुपस्थित है। सफाईकर्मी को चेतावनी पत्र भी जारी किया गया था। बावजूद सुधार न होने पर डीपीआरओ ने निलंबित कर दिया।
दो जगहों पर 9 बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त, चार अवैध निर्माण सील
वीडीए ने दो जगहों पर 9 बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त करवाई। इसके साथ ही चार अवैध निर्माण सील किए। सूर्यांश हॉस्पिटल का सील तोड़कर अवैध निर्माण कराने पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई।
सारनाथ वार्ड के बराई में मनोरंजन पांडेय की ओर से 3 बीघे में अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। रामनगर में अलीनगर गोरइयां में अज्ञात की ओर से 6 बीघे में अवैध प्लाॅटिंग की जा रही थी। दोनों जगह प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई गई।
अपर सचिव गुणाकेश शर्मा की मौजूदगी में सिकरौल वार्ड में सचिन सिंह की ओर से सूर्यांश हॉस्पिटल का सील तोड़कर अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसे दोबारा सील कर एफआईआर के लिए थाने में तहरीर दी गई।
दशाश्वमेध वार्ड के चेतगंज हबीबपुरा में अनमोल सेठ ने स्वीकृत चार तल के विपरीत पांचवें तल का अवैध निर्माण कराया। इसे सील कर सिगरा पुलिस की अभिरक्षा में दिया गया। नगवां वार्ड के गंगाेत्री विहार कालोनी लेन नंबर दो दिव्या गंगा ब्वायज हास्टल के पास मीनू राय की ओर से 5 बिस्वा में अस्थायी निर्माण किया जा रहा था। इसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। रिंग रोड के समीप फरीदपुर में सुनील चौबे के अवैध निर्माण को सील किया गया।
प्रियंक ने 4 मिनट में बनाई शिव-पार्वती की सूक्ष्मदर्शी पेंटिंग
काशी विद्यापीठ (गंगापुर परिसर) की छात्रा प्रियंका पटेल ने भगवान शिव और मां पार्वती की एक अनोखी पेंटिंग बनाई है। यह पेंटिंग इतनी छोटी है कि उसे बिना लेंस की सहायता से नहीं देखा जा सकता है। प्रियंका ने शिव और पार्वती की सूक्ष्मदर्शी पेंटिंग महज 4 मिनट 42 सेकंड में तैयार की है।
बीएफए थर्ड ईयर की छात्रा प्रियंका ने बताया कि वह पेंटिंग को वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए अप्लाई करेंगी। प्रियंका के मुताबिक कैनवास पर पेंटिंग अक्रेलिक रंग, ब्रश की सहायता से बनाई गई है। मालूम हो कि भगवान शिव की सबसे बड़ी पेंटिंग बीएचयू के छात्र सतीश कुमार पटेल ने बनाई। 11.3 × 8.8 फीट की पेटिंग को सतीश ने 18 घंटे में तैयार की थी।
आठ घंटे बाधित रही बिजली, लाखों उपभोक्ता परेशान
चोलापुर उपकेंद्र के नियार फीडर से बिजली आपूर्ति गुरुवार को आठ घंटे तक बाधित रही। दोपहर ढाई बजे कटी बिजली रात 10 बजे बहाल हुई। बिजली आपूर्ति ठप होने की वजह से 14 से अधिक ग्राम पंचायत की बिजली गुल रही। इससे करीब एक लाख की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चोलापुर के जेई ने बताया कि नियार फीडर पर विद्युत पोल शिफ्टिंग का काम चल रहा है। शाम छह बजे शिफ्टिंग का काम खत्म हुआ, लेकिन रात में रजला गांव में बिजली के तार पर पेड़ गिरने की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात दस बजे पेड़ हटाकर लाइन जोड़कर क्षेत्र की बिजली बहाल की गई।
लालपुर में जिलास्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता आज
लालपुर में 26 जुलाई से तीन दिवसीय ओपन आमंत्रण मुक्केबाजी प्रतियोगिता खेली जाएगी। प्रतियोगिता में सिर्फ स्कूली बच्चे ही शामिल हो सकेंगे। ये जानकारी जिला मुक्केबाजी संघ के सचिव जनार्दन यादव ने दी। आयोजन सचिव गोपाल साही ने बताया कि प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर और यूथ वर्ग के खिलाड़ी खेलेंगे। इसमें खेलने के लिए 26 जुलाई की दोपहर तक स्टेडियम आकर रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
राष्ट्र व समाज हित के लिए किया अवलेशपुर में हुआ रुद्राभिषेक
लोक जन कल्याण एवं समाज सुधार कर्म फाउंडेशन ट्रस्ट ने राष्ट्र व समाज हित के लिए रुद्राभिषेक किया गया। अवलेशपुर स्थित कार्यालय में रुद्राभिषेक के साथ ट्रस्ट के सदस्यों ने कर्दमेश्वर महादेव कंदवा पर जलाभिषेक किया। संस्था के अध्यक्ष डॉ.एनके त्रिपाठी ने कहा कि यह रुद्राभिषेक राष्ट्र व समाज कल्याण के लिए आयोजित था।
अध्यक्ष डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि संस्था की ओर से विश्वकर्मा जयंती और गुरु नानक जयंती पर मंदबुद्धि, अनाथ, दिव्यांग व गरीब बच्चों को शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य के लिए सहयोग किया जाएगा। शहर के व्यवसायिक बंधुओं के कल्याण के लिए याज्ञिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा।
गंगा जल की स्वच्छता की मुहिम, पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करना, घाटों की सफाई के लिए ट्रस्ट अपनी टीम के साथ तत्पर रहेगी। इस दौरान कथावाचक हरिहरानंद महाराज, अमेय श्री त्रिपाठी, आनंद पाल, मनीष मिश्रा, हृदय नारायण मिश्रा, दिव्या त्रिपाठी, अनिल कुमार त्रिपाठी, पुष्पा मिश्रा, चंचल मिश्रा, बाबू लाल मौर्या, महेश प्रसाद, नितीश राय मौजूद रहे।
पशुओं का टीकाकरण कराएं पशुपालक : डॉ. शैलेश
चोलापुर के गोसाईपुर मोहाव केंद्र पर गुरुवार को एक दिवसीय पशुपालक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान डॉ.शैलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि बारिश के मौसम में पशुपालकों को पशुओं का टीकाकरण कराना चाहिए। कहा कि बारिश में पशुओं के संक्रमित होने की संभावना बढ़ जाती है।
मां के निधन पर कराया नेत्रदान
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा के प्रमुख अधीक्षक (एसआईसी) डॉ. एसपी सिंह की माता असरफी देवी का निधन हो गया। इसके बाद डाॅ. सिंह ने मां का नेत्रदान कराया। लायंस आई बैंक के सचिव डॉ. अनुराग टंडन ने बताया कि डॉ. सिंह के पहड़िया स्थित आवास पर पहुंचकर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान डॉ. शेखर, डॉ. अभिषेक चंद्रा ने भी सहयोग किया। बताया कि 18 साल पहले डॉ. सिंह ने अपने पिता का भी नेत्रदान कराया था।
काशी विद्यापीठ : समाज कार्य संकाय में टैबलेट वितरण आज
काशी विद्यापीठ के समाज कार्य विभाग के स्नातकोत्तर और शोध छात्रों को 26 जुलाई को टैबलेट दिए जाएंगे। संकायाध्यक्ष प्रो. एमएम वर्मा ने बताया कि एमएस डब्ल्यू, एमए (एस आरडी) सत्र- 2022-23 के छूटे और एमए(आईआरपीएम) सत्र 2023-24 चतुर्थ सेमेस्टर के छात्रों को संकाय में ही टैबलेट दिया जाएगा। बताया कि पीजी डिप्लोमा इन एचआरडी के छूटे और शोध छात्रों को भी शुक्रवार को ही टैबलेट दिया जाएगा।
काशी विद्यापीठ की वेबसाइट पर पाठयक्रम की सूची अपलोड
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 में दाखिले के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पाठयक्रमों की फाइनल सूची अपलोड करवा दी गई है। इसमें 35 ऐसे पाठयक्रम हैं, जिसमें प्रवेश परीक्षा कराने के तय मानक से कम प्रवेश फार्म आए हैं। ऐसे में इसमें प्रवेश परीक्षा न करवाने का निर्णय लिया गया है।
इसके साथ ही बीए, बीकॉम, बीएससी, बीएफए, बीए एलएलबी, एलएलबी समेत 30 पाठयक्रमों में निर्धारित सीट से दोगुनी और उससे अधिक आवेदन अभ्यर्थियों ने किया है। इसको देखते हुए इन पाठयक्रमों में दाखिला प्रवेश परीक्षा से लिया जाएगा। संबंधित अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से पाठयक्रमों की पूरी जानकारी कर सकते हैं।