तीन दिन से लगातार हो रही बारिश के बाद सोमवार को दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। इस बीच बारिश बंद होने और धूप निकलने की वजह से लोगों ने राहत की सांस ली। इससे पहले शनिवार देर रात से शुरू बारिश रविवार सुबह तक होती रही। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में जिले में 144.4 मिमी बारिश का रिकार्ड दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की ओर से पूर्वांचल में बनारस और आसपास के जिलों में सोमवार तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। इसमें हल्की से तेज बारिश की संभावना जताई गई थी। इधर लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से बच्चा, बड़ा हर कोई परेशान हो गया था, कालोनी के साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों पर पानी जमा होने की वजह से आवागमन प्रभावित था।
हालांकि रविवार को मौसम साफ होने से लोगों ने राहत महसूस की। उधर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह के मुताबिक मौसम साफ होने की वजह से जिले के सभी विद्यालय सोमवार से पूर्व निर्धारित समय से खुलेंगे।