कथक में विश्व रिकार्ड बनाने के लिए नृत्यांगना सोनी चौरसिया सोमवार से एक बार फिर मंच पर उतरेंगी। मोहनसराय के माउंट लिटेरा स्कूल में छह दिनों तक चलने वाले मैराथन नृत्य की शुरूआत शाम पांच बजे से होगी जो नौ अप्रैल की रात नौ बजे तक चलेगा।
पहली बार किसी तरह रिकार्ड बनाने से चूकने के बाद सोनी इस बार नया रिकार्ड बनाने को बेताब हैं। माउंट लिटेरा स्कूल के चेयरमैन प्रदीप विश्नोई और प्रिंसिपल अंजना देव के सहयोग से चलने वाले इस मैराथन नृत्य के लिए जिला प्रशासन ने भी तैयारी कर रखी है। इसके लिए अधिकारियों, चिकित्सकों को मानीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। इस दौरान डॉ. नीरज खन्ना के देखरेख में समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा जबकि खानपान डाइटिशियन डॉ. गोल्डी अरोरा के निर्देशन में दिया जाएगा।
डॉ. एसएस पांडेय के नेतृत्व में योग गुरु इंदल प्रसाद फिजियोथिरेपी का जिम्मा संभालेंगे। बता दें कि गत वर्ष 14 नवंबर को आर्य महिला पीजी कॉलेज में सोनी ने बिना रुके नृत्य के केरल के त्रिचूर की हेमलता कमंडलु के 123 घंटे 20 मिनट के विश्व रिकार्ड को तोड़ने के लिए अभियान शुरू किया था लेकिन 87 घंटे 18 मिनट के बाद वह आगे नहीं बढ़ सकी थीं। इस बार उन्होंने फिर विश्व कीर्तिमान बनाने के लिए कदम बढ़ाया है।
काशी की पहचान में शुमार गंगा के तट पर हर रोज होने वाली गंगा आरती में रविवार की शाम काशी की बेटी सोनी चौरसिया के हौसले को बढ़ाने के लिए प्रार्थना की गई। सोनी के जज्बे को सफलता के पंख लगाने के लिए गंगा का विशेष पूजन किया गया। गंगोत्री सेवा समिति के सहयोग से सामजिक संस्था आगमन द्वारा मां गंगा का षोडशोचार पूजन के उपरांत विशेष आरती के अनुष्ठान के बाद सोनी को अभिमंत्रित प्रसाद प्रदान किया गया ताकि गिनीज बुक रिकार्ड में सोनी का नाम दर्ज हो सके । पूजन में पं किशोरी रमण दुबे बाबू महाराज, डॉ संतोष ओझा, सोनी के प्रशिक्षक एवं गुरु राजेश डोगरा, दिनेश शंकर दुबे, मनीष शंकर दुबे उपस्थित थे।