दबदबा कायम करने के लिए करते थे फायरिंग और पिटाई, बनाते थे वीडियो
- तमंचा और कारतूस के साथ मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने तीन मनबढ़ों को किया गिरफ्तार, गए जेल
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। इलाके में दबदबा बनाने के लिए असलहे से फायरिंग करने और बेल्ट-डंडे से सीधे-सादे युवकों की पिटाई करने वाले तीन मनबढ़ युवकों को मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने बरेका अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान तीनों तमंचा लहराकर रील्स बना रहे थे। तीनों के खिलाफ रोहनिया, चितईपुर और मंडुवाडीह थाने में युवकों की पिटाई के आरोप में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के पास से दो तमंचा और चार कारतूस बरामद किया है।
रोहनिया थाना क्षेत्र के सगहट गांव का करन मिश्रा (19), मिसिरपुर का रंजीत गिरी (21) और हरिहरपुर बगीचा, चितईपुर का दिव्यांश सिंह (19) क्षेत्र के युवाओं को पकड़कर अकारण ही पीटते थे। तीनों इलाकों के युवकों से खुद को भैया कहवाते थे। दहशत कायम करने के लिए युवाओं की पिटाई करने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते थे। तीनों बिहार से अवैध असलहा और कारतूस खरीद कर लाते थे। अवैध असलहा बेचने का काम भी तीनों करते थे। युवाओं में तीनों का खौफ इस कदर खौफ था कि कोई पुलिस से शिकायत भी नहीं करता था। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। अदालत में पेश कर तीनों को जेल भेज दिया गया है।