Tirupati Prasad Case : तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद में चर्बी मिलने की रिपोर्ट को लेकर पूरे देश में चर्चा हो रही है। इसी बीच काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रसाद की भी जांच की गई।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महाप्रसादम की शनिवार को जांच की गई। एसडीएम ने प्रसाद बनाने वाले स्थान का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसाद चखा और उसकी सैंपलिंग भी कराई। साथ ही प्रसाद बनाने वालों को सभी मानकों के पालन के साथ ही स्वच्छता का ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।
विज्ञापन
शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के एसडीएम शंभू शरण मंदिर का महाप्रसाद बनाने वाले प्रसाद भवन पहुंचे। औचक निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने प्रसाद बनाने की पूरी प्रक्रिया को देखा। वहां से प्रसाद बनाने में उपयोग की जाने वाली सामग्री के सैंपल जांच के लिए लैब भेजा।
एसडीएम ने जांच के दौरान प्रसाद बनाने वाले कर्मचारियों से बनाने की पूरी प्रक्रिया के बारे में पूछताछ भी की। एसडीएम ने बताया कि प्रसाद की जांच और सैंपलिंग समय-समय पर होती रहती है। इस तरह की औचक जांच अब नियमित तौर पर होती रहेगी।