इस सावन में बाबा विश्वनाथ भी आम भक्तों के लिए महंगे हो जाएंगे। सामान्य दिनों में जहां बाबा की मंगला आरती 350 रुपये में होती है, वह सावन में सोमवार को छोड़कर 600 रुपये हो जाएगी। जबकि सोमवार के दिन 1200 रुपये का टिकट कटेगा।
विज्ञापन
यह निर्णय सावन मेले की तैयारियों की मद्देनजर कमिश्नर दीपक अग्रवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में लिए गए। इसमें आरती का समय पुराना ही रखा गया है। केवल सोमवार के दिन सप्तर्षि आरती शाम साढ़े 5 बजे और शृंगार आरती 2 घंटे पूर्व की जाएगी। रात साढ़े 8 बजे के बाद मंदिर शृंगार दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा।
कमिश्नर ने कहा कि 17 जुलाई से 15 अगस्त एक माह तक चलने वाले सावन माह में काशी विश्वनाथ मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाय। मंदिर परिसर और आसपास मजबूत बैरिकेडिंग के साथ ही बिजली के तारों को दुरुस्त किया जाए।
इस दौरान उन्होंने श्रावण के सोमवार को सुगम दर्शन की भी व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके अलावा श्रद्धालुओं के मार्ग में मैट बिछाने का भी निर्णय लिया गया। सावन मास के दौरान पालिथीन और प्लास्टिक के सामान पर पूरी तरह रोक रहेगी।