वाराणसी के हुकुलगंज क्षेत्र में सड़क किनारे झोपड़ी में रहने वाली तीन साल की मासूम को टॉफी दिलाने की बात कह कर 16 वर्षीय चाचा ने शुक्रवार को दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन मासूम को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले गए। परिजनों की सूचना के आधार पर लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस आरोपी किशोर की तलाश कर रही है।
लालपुर पांडेयपुर थाना अंतर्गत हुकुलगंज क्षेत्र में सड़क किनारे झोपड़ी में रह कर कुछ परिवार बांस के सामान बनाने का काम करते हैं। मासूम के पिता के अनुसार उसका छोटा भाई नशे में धुत था। दोपहर के समय वह मासूम को टाफी दिलाने के बहाने झोपड़ी से कुछ दूर ले जाकर एक ऑटो में उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद भाग गया।
मासूम रोती-बिलखती हुई घर आई तो उसकी शारीरिक स्थिति देख उसे अस्पताल ले जाया गया। इस संबंध में लालपुर पांडेयपुर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी किशोर की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। पीड़िता का मेडिकल मुआयना कराया गया है।