Varanasi News: वाराणसी के सिगरा में इस काम की वजह से दुकानदारी प्रभावित हो रही है। गाड़ियों पर धूल जमी रहती है। कार्यदायी संस्था से शिकायत करने पर वह सुनते नहीं। दिसंबर में काम पूरा होने की बात कही, फिर जनवरी का हवाला दिया। अब फरवरी और मार्च की 20 तारीख भी बीत गई, काम खत्म नहीं हुआ।
वाराणसी शहर के प्रमुख चौराहे सिगरा पर एक साथ तीन-तीन काम हो रहे हैं। जिसकी वजह से आए दिन लोग परेशान होते हैं। सड़क धंसने के बाद अब तक इसे ठीक नहीं किया जा सका है। वहीं, जलकल की ओर से सीवर लाइन डालने का काम भी अब तक पूरा नहीं हुआ है। थोड़ी दूरी पर रोपवे के पिलर का काम चल रहा है। तीन सौ मीटर इलाके की सड़क धूल से अटी पड़ी है। इससे बचने के लिए कार्यदायी संस्थाएं पानी तक नहीं डालती हैं।
विज्ञापन
सिगरा चौराहे से सिद्धगिरी बाग जाने वाले मार्ग पर सोनिया पुलिस चौकी तक सड़क पर धूल है। यह पूरा इलाका गड्ढे से अटा पड़ा है। सांस लेने में तकलीफ होती है। इस मार्ग पर कई कपड़ों के शोरूम, बच्चों के हॉस्पिटल, डायग्नोस्टिक सेंटर, पुलिस चौकी के अलावा बेकरी, रेस्टोरेंट और होटल हैं। इनसे जुड़े लोगों ने बताया कि काम की वजह से दुकानदारी प्रभावित हो रही है। गाड़ियों पर धूल जमी रहती है। कार्यदायी संस्था से शिकायत करने पर वह सुनते नहीं। दिसंबर में काम पूरा होने की बात कही, फिर जनवरी का हवाला दिया। अब फरवरी और मार्च की 20 तारीख भी बीत गई, काम खत्म नहीं हुआ।
जलकल के सचिव ओपी सिंह ने बताया कि सीवर चौंबर के बाद सीवर पाइप लाइन डालनी है। यातायात विभाग से चार से पांच दिन का रोड ब्लॉक मांगा गया है। ब्लॉक मिलने पर पाइपलाइन डाल दी जाएगी। रोपवे का निर्माण करने वाली एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि खोदाई का काम पूरा करा लिया है। पिलर का काम चल रहा है। जल्द ही यह पूरा हो जाएगा।
विज्ञापन
इस बाबत पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि सिगरा चौराहे के पास जहां सड़क धंसी थी। वहां पर गिट्टी डाल दी गई है। वाहनों की आवाजाही से जब गिट्टी पूरी तरह से दब जाएगी तो एक दो दिन के भीतर सड़क बना दी जाएगी।