हादसे की सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रेलर के चालक को गंभीर हालत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेजा गया, जबकि कार चालक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तीन वाहनों की भिड़ंत के बाद वाराणसी-जौनपुर फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने घंटों मशक्कत कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
अंधा मोड़ बना दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट
स्थानीय लोगों के अनुसार कथौली मोड़ को पहले से ही दुर्घटना हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। इसके बावजूद यहां स्पीड ब्रेकर और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। अंधा मोड़ होने के कारण वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता। लोगों ने संबंधित विभाग से यहां चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है।
थानाध्यक्ष विकास मौर्य ने बताया कि मृतक और घायलों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य करा दिया गया है।