यूपी के गाजीपुर में तालाब में नहाने गईं तीन बहनों की डूबने से मौत हो गई। परिवार के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दिए बिना ही शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के सईचानपुर गांव निवासी अरविंद राजभर की पुत्री प्रियंका राजभर (12), उसकी छोटी बहन रूबी राजभर (10) और मौसेरी बहन प्रीति राजभर (15) रविवार की दोपहर एक बजे में घर से लगभग सौ मीटर की दूरी पर स्थित एकौझी तालाब पर नहाने के लिए गई थीं।
प्रीति नहाने के बजाए तालाब के पास बैठ गई, जबकि प्रियंका और रूबी नहाने के लिए जाने लगी। इस पर वहां मौजूद तीन महिलाओं ने उन्हें नहाने से मना लिया, लेकिन वह नहीं मानी और तालाब में उतर गईं। इसके बाद महिलाएं वहां से चली गईं।
नहाने के दौरान दोनों की नजर बगल में स्थित पोखरा में उगे करमी के पौधे पर पड़ी। उसे तोड़ने के लिए दोनों उधर बढ़ीं। इसी दौरान पानी गहरा होने से दोनों डूबने लगीं। उन्हें डूबता देख तालाब के पास बैठी मौसेरी बहन प्रीति तालाब में कूद गई। उन्हें बचाने में वह भी डूब गई। तीनों को डूबता देख आसपास घास काट रहीं महिलाएं शोर मचाने लगीं।
कुछ महिलाएं लड़कियों के घर पहुंच कर घटना की जानकारी दी। परिवार सहित ग्रामीण मौके की तरफ दौड़ पड़े। जब तक लोग तालाब पर पहुंचते, तब तक तीनों की लड़कियों की मौत हो चुकी थी और शव पानी में तैर रहे थे। ग्रामीणों ने उनको पानी से बाहर निकाला और घर लाए। परिजनों ने ग्रामीणों से बातचीत के बाद पुलिस को सूचना दिए बगैर तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत सरोज ने बताया कि लोगों से इस घटना की जानकारी मिली तो मौके पर प्रभारी एसओ पारिख अंसारी को भेजा गया। ग्राम प्रधान और पीड़ित परिवार के लोगों से बात की गई, लेकिन वह लोग तहरीर देने के लिए तैयार नहीं हुए, जिससे पुलिस वापस लौट आई।