वाराणसी जिले में भोजूबीर स्थित सब्जी मंडी के समीप सरसौली में मंगलवार की सुबह करंट की चपेट में आने से एक विवाहिता, उसके पति और ससुर की मौत हो गई। सूचना पाकर कैंट थाने की पुलिस ने तीनों का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हृदय विदारक घटना से पीड़ित परिवार के साथ ही इलाके के लोग भी गमगीन दिखे।
कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर स्थित सब्जी मंडी के समीप सरसौली निवासी सोनू जायसवाल (32) घर पर ही फास्ट फूड की दुकान संचालित करता था। सोनू के परिवार में पत्नी प्रीती (28), पिता राजन (65) के अलावा दो बेटियां शिवांगी (8) व नैंसी (4) और बड़ा भाई दिनेश (35) व दादी दुर्गा देवी (85) हैं।
सुबह लगभग 10:30 बजे प्रीती घर में लोहे के तार पर गीले कपड़े डाल रही थी। लोहे के उस तार में कहीं घर की वायरिंग का केबल छू रहा था और करंट प्रवाहित हो रहा था। प्रीती तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गई। प्रीती की चीख सुन कर उसे बचाने के लिए सोनू और फिर राजन दौड़े। तीनों ही करंट की चपेट में आकर अचेत हो गए।