देवगांव थाना क्षेत्र के लालगंज कस्बे के समीप मसीरपुर तिराहे के पास खाकी बाबा पोखरे पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोग पहुंचे तो एक शव पानी में उतराया हुआ दिखा। लोगों ने इसकी सूचना चौकी प्रभारी लालगंज व कोतवाली देवगांव को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालवाया। शिनाख्त गोला बाजार निवासी ऋषिकेश गिरी (45) के रूप में हुई। थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंची पत्नी संगीता व भाई अधिवक्ता त्रिपुरारी शंकर गिरी रोते-बिलखते पहुंचे। कोतवाली विमल प्रकाश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अनियंत्रित ऑटो पलटने से चालक की मौत, एक घायल
आजमगढ़ के अतरौलिया से कप्तानगंज लौटते समय बुधवार की रात्रि पासीपुर गांव के समीप अनियंत्रित ऑटो पलटने से चालक की मौत हो गई, एक घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी निवासी सुनील निषाद (32) ऑटो चलाता था। चाचा हरिकेश ने बताया कि बुधवार को वह सवारी लेकर अतरौलिया गया था। सवारी छोड़कर वह घर लौट रहा था, ऑटो में एक यात्री कंधरापुर निवासी सूरज (30) भी बैठा हुआ था। रात्रि करीब आठ बजे ऑटो कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचा ही था कि इस दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। इसमें दोनों घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रानीपुर सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने सुनील निषाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि सूरज की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। मृतक की पांच बेटियां हैं। थानाध्यक्ष कप्तानगंज जयप्रकाश ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।