जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सोमवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया।
मछलीशहर : कोतवाली क्षेत्र में परशूपुर गांव निवासी अनीता देवी (28) पत्नी संतोष गुप्ता रविवार देर शाम नगर से घर का सामान खरीदरकर ऑटो से घर वापस जा रही थी। लौटते समय अंधेरा हो गया था। जौनपुर-रायबरेली हाइवे पर जहांसापुर गांव के निकट किसी अज्ञात वाहन ने टेंपो को टक्कर मार दी। इससे टेंपो पलट गया और अनीता देवी व चालक सुनील कुमार (55) निवासी टेकारी, सिकरारा घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अनीता की रात में मौत हो गई। अनीता के पति संतोष की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एक अन्य घटना में कोतवाली थाना क्षेत्र के पराहित गांव निवासी हरिशचंद्र उर्फ मजनू व गांव के ही अनिल कुमार (35) बाइक से रविवार देर रात मछलीशहर आ रहे थे। मतरी गांव के पास सामने से चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना में हरिशचंद्र घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल रेफर किया गया किंतु अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई। एक अन्य दुर्घटना में श्रवण कुमार (25) निवासी औरास, उन्नाव कार से जौनपुर जा रहे थे। उनकी कार को मरी माई पुल के पास ट्रेलर ने टक्कर मार दी। उनका भी इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
मुंगराबादशाहपुर : पवांरा थाना क्षेत्र के दखिनिया गांव निवासी प्रदीप तिवारी (22) अपने पड़ोसी ओम प्रकाश तिवारी (30 ) दोनों एक ही बाइक से घर दखिनिया जा रहे थे। रायपुर उकनी के पास राघव महाविद्यालय के सामने कार से आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे दोनों घायल हो गए। जिला अस्पताल में प्रदीप तिवारी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया वहीं ओम प्रकाश का इलाज चल रहा है।
जलालपुर : थाना क्षेत्र के मनहन निवासी बजरंगी यादव (58) पत्नी उर्मिला को बाइक से लेकर त्रिलोचन महादेव मंदिर पर दर्शन पूजन कर लौट रहे थे। सीएचसी रेहटी के सामने पीछे से आ रही डीसीएम एक अन्य वाहन को ओवरटेक कर रहा था जिससे बाइक की टक्कर हो गई। पत्नी दाहिनी तरफ टायर के नीचे चली गई इससे उनकी मौके पर मौके पर मौत हो गई। जबकि पति बजरंगी घायल हो गए।
धर्मापुर : बक्शा थाना क्षेत्र के कल्लू चौहान दो अन्य लोगों के साथ रविवार को चार पहिया वाहन से आजमगढ़ में रिश्तेदार के यहां से जौनपुर लौट रहे थे। गौराबादशाहपुर बाईपास पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गए। इससे काली प्रसाद(30), कल्लू चौहान (28) व चालक लालू यादव घायल हो गए। थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर राजाराम द्विवेदी ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजवाया गया, वाहन को भी जेसीबी से निकलवाया गया।