आसमान में लगातार उड़ान भरते फाइटर जेटों की गर्जना दूर-दूर तक सुनाई देती रही। विमान अलग-अलग दिशा से उड़ान भरते हुए नमो घाट के ऊपर चक्कर लगाते रहे। इस दौरान घाट पर लोगों की भीड़ बढ़ती गई, लेकिन सुरक्षा में लगे जवानों ने किसी को भी प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया। सुबह शुरू हुई यह गतिविधि करीब 11:40 बजे तक जारी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक साथ तीन फाइटर जेटों की उड़ान और उनकी तेज रफ्तार ने लोगों को रोमांचित कर दिया। घाट पर मौजूद लोग विमानों की तस्वीरें और वीडियो बनाने में जुटे रहे। हालांकि प्रशासन और वायुसेना की ओर से इस संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई, लेकिन इसे वायुसेना दिवस के अवसर पर नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो की रिहर्सल माना जा रहा है।
फाइटर जेटों की गूंज से शनिवार सुबह काशी का आसमान रोमांच से भर उठा। नमो घाट पूरे समय आकर्षण का केंद्र बना रहा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोगों ने एयरफोर्स की इस अभ्यास उड़ान को उत्साह के साथ देखा।