जौनपुर जिले में हाईस्कूल की परीक्षा के लिए गाजीपुर जा रहे बाइक सवार दो सगे भाइयों की तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में तीसरा भाई भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ और उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि देर शाम उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा चंदवक-औड़िहार मार्ग पर पतरही गांव के पास शुक्रवार की देर शाम हुआ।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद स्कार्पियो मौके पर छोड़ चालक फरार है। केराकत कोतवाली क्षेत्र के मई टूड़वापर गांव निवासी बाबूलाल प्रतापगढ़ में पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। उनका छोटा पुत्र आशीष गौतम (19) गाजीपुर जिले के एक कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र है।
शनिवार को प्रथम पाली में होने वाली परीक्षा के लिए वह बड़े भाई राजेंद्र प्रसाद (32) और मझला भाई मुकेश कुमार (21) के साथ बाइक से गाजीपुर जा रहा था। बाइक राजेंद्र प्रसाद चला रहा था। तीनों चंदवक-औड़िहार मार्ग पर पतरही बाजार में पहुंचे ही थे, तभी सड़क पर खड़ी गाय को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों भाई गंभीर रुप से जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने राजेंद्र और आशीष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस दोनों का शव कब्जे में ले लिया।