वाराणसी के सब्जी मंडी में एक दुकान का ताला तोड़कर लहसुन चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने अरेस्ट किया है। आरोपियों के पास से 14 बोरी लहसुन के साथ ही वारदात में इस्तेमाल चारपहिया वाहन भी बरामद किया गया है।
पहड़िया मंडी में ध्रुव कुमार मौर्या की दुकान से चोरी हुई लहसुन के साथ लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रमरेपुर के कल्लू पाल, सभाजीत यादव और विक्की राजभर के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 14 बोरी लहसुन के साथ ही वारदात में इस्तेमाल चारपहिया वाहन भी बरामद किया गया है।
विज्ञापन
लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि ध्रुव की दुकान से 20 फरवरी की रात 14 बोरी लहसुन चोरी हुआ था। 21 फरवरी को सूचना मिली तो सीसी कैमरों की फुटेज से दरोगा प्रदीप कुमार यादव व तेज बहादुर सिंह और हेड कांस्टेबल सुरेंद्र मौर्या की टीम ने पड़ताल शुरू की।
आरोपियों के वाहन को चिह्नित कर उन्हें शुक्रवार की रात मोड़कट्टा बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों ने बताया कि लहसुन इन दिनों बाजार में अच्छे भाव में बिक रहा है। इसलिए तीनों उसे चुरा कर बेचने की तैयारी में थे। जो पैसा मिलता उसे तीनों बांट लेते।