वाराणसी के चंदुआ छित्तूपुर की रहने वाली एक युवती की शादी न करने पर एक युवक ने उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी है। इसके साथ ही युवती का धर्म परिवर्तन कराकर जबरन शादी करने को कहा है। प्रकरण को लेकर सिगरा थाने में सिगरा क्षेत्र निवासी जाकिर हुसैन उर्फ सुल्तान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
चंदुआ छित्तूपुर की रहने वाली महिला के अनुसार, रविवार को जाकिर हुसैन उर्फ सुल्तान उनके घर आया। जाकिर ने धमकाया कि अगर अपनी बेटी की शादी हमसे नहीं कराओगे तो सबकी हत्या कर देंगे। विरोध करने पर जाकिर ने महिला के साथ मारपीट और बदसलूकी की। इसके साथ ही उनके पति को चाकू सटा कर जान से मारने की धमकी दी। जाकिर ने यह भी धमकी दी कि तुम्हारी बेटी का धर्म परिवर्तन करा कर उससे जबरन शादी करूंगा। जिससे जो शिकायत करनी है, कर लेना। महिला ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनकी बेटी और उनके परिवार की जानमाल की सुरक्षा की जाए।
इस संबंध में सिगरा इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार ओझा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सामने आए तथ्यों और साक्ष्य के आधार पर प्रकरण में कार्रवाई की जाएगी।