ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर कारोबारी से 54 लाख की ठगी
जैतपुरा थाना क्षेत्र के चौकाघाट स्थित कॉटन मिल निवासी व्यापारी गुलशन ओबेराय को साइबर ठगों ने 45 लाख का चूना लगा दिया। पीड़ित गुलशन ने इस मामले में जैतपुरा थाने में चार नामजद समेत 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। गुलशन ने पुलिस को बताया कि बीते 20 नवंबर को यू ट्यूब पर दिखाए जा रहे ऑनलाइन निवेश और तेजी से मुनाफा देने वाले विज्ञापनों के जरिए उनके साथ 54,23,094 रुपये की ठगी की गई।
गुलशन के मुताबिक निवेश के लिए उन्हें एक ग्रुप से जोड़ा गया, जहां खुद को कंफर एलएलबी का संचालक बताने वाला करण सिंह, आलोक जैन, आयशा कुमार और नारायण गुप्ता समेत कुल 11 व्यक्तियों ने मिलकर चरणबद्ध तरीके से रकम जमा कराई और बाद में संपर्क तोड़ दिया।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई और साथ ही जैतपुरा थाने में तहरीर दी। एसओ जैतपुरा बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर ऑनलाइन लेनदेन, ग्रुप चैट और संबंधित बैंक खातों की जांच की जा रही है।