मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल सदर और उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की सदस्य नाजनीन अंसारी को फेसबुक पर गोली मार कर हत्या करने की धमकी दी गई है। नाजनीन के अनुसार प्रदेश के मदरसा शिक्षा परिषद की सदस्य के तौर पर उनका मनोनयन कट्टरपंथियों को रास नहीं आ रहा है।
सोमवार को मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारियों ने आईजी रेंज से मुलाकात कर दोषियों पर कार्रवाई और नाजनीन की सुरक्षा की गुहार लगाई। आईजी रेंज ने सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने के साथ ही दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय सेवा प्रमुख डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि बनारस के वरुणानगरम कॉलोनी में रहने वाली नाजनीन अंसारी को मदरसा शिक्षा परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया तो उन्होंने इसकी जानकारी फेसबुक पर साझा की। यह बात कट्टरपंथियों को अखर गई।
इसी वजह से लुधियाना और सऊदी अरब के दम्माम निवासी दो लोगों ने नाजनीन की फेसबुक पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए उन्हें गोली मारने की धमकी दी। राष्ट्रीय एकता और सौहार्द का संदेश देने वाली नाजनीन को इससे पहले भी कई बार धमकी मिल चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन से लेकर गृह मंत्रालय तक को सूचित किया गया है।