बीएचयू में बीए तृतीय वर्ष की सेमेस्टर परीक्षा समाप्त होने के बाद सोमवार को एक बार फिर परिसर अशांत हो गया। इस बार डीजे बजाना विवाद की मुख्य वजह रही।
सामाजिक विज्ञान संकाय के छात्र जहां परीक्षा खत्म होने के बाद संकाय से निकलकर हॉस्टल तक डीजे बजाते जा रहे थे कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने रोका और डीजे की गाड़ी जब्त कर ली।
आरोप है कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने डीजे वाली गाड़ी चलाने वाले चालक और कुछ छात्रों से मारपीट की। इसके विरोध में छात्र वीसी आवास पर आकर धरने पर बैठ गए।
छात्रों का कहना था कि उन्होंने डीजे बजाने के लिए डीन से अनुमति ली थी और डीन ने इस बात की पुष्टि भी की लेकिन चीफ प्रॉक्टर के मुताबिक उनके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं थी। शाम छह बजे से चल रहा धरना रात दस बजे समाप्त हुआ।
सामाजिक विज्ञान संकाय के तृतीय वर्ष के छात्रों ने परीक्षा खत्म होने के बाद स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया था। शाम करीब छह बजे संकाय से डीजे बजाते हुए हॉस्टल जा रहे थे।
इसी बीच सुरक्षाकर्मियों ने इसकी शिकायत चीफ प्रॉक्टर आफिस में की। मौके पर पहुंची प्रॉक्टर प्रो. श्रद्धा सिंह पहुंची और डीजे बंद करने को कहा, इस पर छात्रों ने डीन से अनुमति होने की बात कही। देखते-देखते मामला बढ़ता गया।