पीड़ित के मुताबिक, दो सितंबर की रात अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने घर में रखी दो सोने की चेन, एक जोड़ी झुमका, एक जोड़ी बाली, चांदी की हाफ पेटी और फुल पेटी, सात पायल और 75 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरों ने घर में रखे पीतल के तीन परात, दो बटुए, हंडा, कलश और खोरा भी नहीं छोड़ा।
इसके अलावा चोर महंगी साड़ियां और तेल, साबुन व श्रृंगार सामग्री से भरा बक्सा भी उठा ले गए। सुबह मकान का ताला टूटा और सामान बिखरा देखकर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद परिजनों को इसकी सूचना दी गई। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
पीड़ित ने पुलिस से घटना की गंभीरता से जांच कराने, अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, चोरी गया सामान बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।