मऊ जिले में कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए भले ही लॉकडाउन को समाप्त कर अनलॉक कर दिया गया, लेकिन रविवार को जिले की दुकानों के लिए संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान सिर्फ आवश्यक वस्तु सेवा की सुविधा तथा मेडिकल सेवा बहाल रहेंगी। लॉकडाउन का जिले में सख्ती से पालन कराया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने शनिवार की शाम को कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दी।
डीएम ने बताया कि जिले में कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए ये कदम उठाया गया है। अब तक कोरोना संक्रमण के 59 मरीज मिले हैं। इसमें एक मरीज शनिवार को मिला, जबकि कोरोना संक्रमित 54 मरीज ठीक होकर अस्पताल से घर जा चके हैं। एक की शुरू में ही मौत हो चुकी है। इस तरह से जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या महज चार है। डीएम ने बताया कि शनिवार को आठ मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके अलावा आजमगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती मां बेटा की रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी।
सीएमओ डा. एससी सिंह ने बताया कि बताया कि बीते दिनों जिले में भारतीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान से आई टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों से 423 लोगों की सैंपलिंग की थी। यह टीम प्रदेश के नौ जिलों में गई थी, टीम की जांच का उद्देश्य था कि कम्युनिटी लेबल पर कोरोना का संक्रमण क्या है, संक्रमण काल में लोगों के शरीर में कितना बदलाव रहा। इस जांच में सबसे अव्वल मऊ जिला रहा। यहां का अनुपात 0.23 फीसदी है जबकि बलरामपुर जिले में 0.98 फीसदी रहा। इस तरह से स्पष्ट हुआ कि मऊ जिल के लोगों में रोगरोधी क्षमता ज्यादा है।
सीएमओ के अनुसार जिले से अब तक 2828 सैंपलिंग की गई है। इसमें से 2573 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। साथ ही 2517 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस तरह से 59 लोग कोरोना के संक्रमित मिले हैं। इसमें एक की मौत हो चुकी है।