आईएमएस बीएचयू के दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय में हुए कार्यक्रम में मेडिकल छात्रों को मानवीय मूल्यों के साथ-साथ सद्गुणों के बारे में बताया गया। बतौर मुख्य वक्ता डॉ. अविनाशा शर्मा(हरियाणा) ने एमडीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में नव प्रवेशित विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों से आंतरिक शक्ति बढ़ाने पर ध्यान देने की बात कही।
नर्चरिंग लाइफ स्किल्स कार्यक्रम में आई डॉ. अविनाशा शर्मा ने डेंटल मैकेनिक और डेंटल हाइजीनिस्ट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। बताया कि दैनिक जीवन में मानवीय मूल्यों, सद्गुणों को विकसित कर आंतरिक शक्ति को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह शक्ति जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने में सहायक होती है। बीएचयू के अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीन ऑफ स्टूडेंट्स) प्रो. रंजन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को उपलब्ध विभिन्न छात्र-हितैषी सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी। दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रो. अतुल भटनागर ने ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और व्यावहारिक कौशल (सॉफ्ट स्किल्स) के समग्र, सर्वांगीण और सामंजस्यपूर्ण विकास के बारे में बताया। कार्यक्रम में प्रो. विपुल शर्मा, प्रो. नवीन पीजी, प्रो. टीपी चतुर्वेदी, प्रो. एचसी बरनवाल, छात्र सलाहकार डॉ. महेश खैरनार, प्रो. आशीष अग्रवाल मौजूद रहे।