ट्रेनों के परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए रेलवे बोर्ड के निर्देश पर मंगलवार को आरंभिक स्टेशनों से निरस्त की गईं 19 ट्रेनें बुधवार को गंतव्य तक नहीं पहुंचेंगी। वहीं रीशेड्यूल की गई सात ट्रेनें साढ़े दस घंटे तक विलंबित होकर मुगलसराय पहुंचेंगी। मंगलवार को 50 ट्रेनें जहां 12 घंटे से अधिक विलंबित होकर गंतव्य को रवाना हुईं वहीं 18 ट्रेनें रद्द रहीं।
सर्वाधिक विलंब से पहुंचने वाली ट्रेनों में डाउन कोटा पटना एक्सप्रेस 12 घंटे से भी अधिक विलंबित होकर गंतव्य को रवाना हुई। मंडल रेल प्रबंधक किशोर कुमार ने कहा कि उत्तर भारत में पड़ रहे कोहरे से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है जिसके चलते रेलवे बोर्ड के निर्देश पर ट्रेनों को रीशेड्यूल करके चलाया जा रहा है।
ट्रेनों के रद्द होने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। दिन प्रतिदिन रद्द होने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को मुगलसराय होकर गंतव्य को जाने वाली अप पूर्वा एक्सप्रेस, डाउन हिमगिरि एक्सप्रेस, डाउन कुंभ एक्सप्रेस, अप महाबोधि एक्सप्रेस, अप हटिया आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस, अप पंजाब मेल, डाउन अमृतसर हावड़ा एक्सप्रेस, अप और डाउन जन साधारण एक्सप्रेस, अप और डाउन फरक्का एक्सप्रेस, अप और डाउन मुगलसराय फैजाबाद पैसेंजर, अप और डाउन मुगलसराय वाराणसी पैसेंजर और डाउन चंडीगढ़ पाटलिपुत्र एक्सप्रेस तथा अप और डाउन सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहीं।
वहीं डाउन जोधपुर एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, डाउन पंजाब मेल दो घंटे, डाउन गंगा सतलुज एक्सप्रेस ढाई घंटे, डाउन चंबल एक्सप्रेस दो घंटे, डाउन कालका मेल एक घंटा, डाउन दून एक्सप्रेस पौने चार घंटे समेत 50 से ट्रेनें 12 घंटे से अधिक विलंबित होकर गंतव्य को रवाना हुईं।
दूसरी तरफ रेलवे बोर्ड के निर्देश पर रीशेड्यूल की गई ट्रेनें अप मगध एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, डाउन आनंद विहार संतरागाछी एक्सप्रेस सवा पांच घंटे, अप उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस तीन घंटे, डाउन कोटा पटना एक्सप्रेस साढ़े दस घंटे, अप भागलपुर आनंद विहार टर्मिनल गरीब रथ एक्सप्रेस 10 घंटे विलंबित होकर बुधवार को मुगलसराय पहुंचकर गंतव्य को रवाना होंगी।